इन दिनों सिलीगुड़ी में पति-पत्नी के संबंधों में अविश्वास, विवाहेत्तर संबंध और अपराधों की घटनाओं में वृद्धि हुई है. बागडोगरा में एक महीने में दो बड़ी घटनाएं घट चुकी हैं. सिलीगुड़ी में एक हाई प्रोफाइल मामला सुर्खियों में है. जब पति-पत्नी के रिश्ते में तीसरे की एंट्री होती है, तो इसका अंजाम अक्सर बुरा ही होता है. सिलीगुड़ी और बागडोगरा की घटनाएं इसके जीवंत प्रमाण हैं.
बागडोगरा इलाके में कुछ दिनों पहले ही एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी. एक व्यक्ति की पत्नी तांत्रिक के प्रेम जाल में फंस गई थी. उक्त तांत्रिक ने व्यक्ति की पत्नी को कुछ इस तरह से अपने वश में कर लिया था कि वह जो कहता, वही व्यक्ति की पत्नी करती. पति तांत्रिक से खफा रहता था. तांत्रिक ने अपनी प्रेमिका के जरिए उसके पति को भयानक सजा दी.
उसने अपने पति का सर काट कर अलग कर दिया. हालांकि बाद में पुलिस ने इस मामले में चार लोगों तांत्रिक, मृतक की कातिल बीवी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. अब बागडोगरा थाना क्षेत्र से ही एक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. बागडोगरा के देवमुनि इलाके में मलकू मुंडा अपनी पत्नी के साथ रहता था. लगभग 15 वर्ष पहले उसका विवाह हुआ था. मलकू मुंडा की पत्नी किरण चंद्र चाय बागान में नौकरी करती थी. दोनों के एक पुत्र और पुत्री भी है.
लगभग 6 वर्षों से मलकू मुंडा की पत्नी एक गैर पुरुष मिठू बर्मन के साथ अवैध संबंध में थी. इसको लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चलता रहता था. लगभग 1 साल पहले मलकू मुंडा की बीवी पति को छोड़कर मिठू बर्मन के साथ रहनेे लगी थी.दोनों भुजिया पानी इलाके में किराए के मकान में रहते थे. मलकू से यह बर्दाश्त नहीं हो रहा था कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर पराए पुरुष के साथ रिश्ता रखे.
रविवार को योजना बनाकर मलकू मिट्ठू बर्मन के घर पहुंचा और उससे झगड़ा करने लगा. दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और हाथापाई की नौबत आ गई. इसी बीच मलकू मुंडा ने अपने साथ छिपा कर लाए एक चाकू से मिठू बर्मन पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह घायल करके वहां से फरार हो गया. बुरी तरह घायल अवस्था में परिजनों ने मिठू को उत्तर बंगाल अस्पताल पहुंचाया. वहां स्थिति बिगड़ने पर उसे एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया.
बागडोगरा थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मलकू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित एक अपार्टमेंट में चले हाई वोल्टेज ड्रामा की घटना तो सुर्खियों में है ही. महिला जलपाईगुड़ी जिले में डिप्टी मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत है.
जबकि उनके पति उत्तर बंगाल विकास विभाग में संयुक्त सचिव हैं. पत्नी ने आरोप लगाया है कि उनके पति एक कॉलेज की प्रोफेसर महिला के साथ अवैध संबंध में है. महिला ने अपने बयान में कहा है कि उन दोनों के बीच आई महिला की वजह से ही उनके पति ने उन्हें जिंदा जलाने का प्रयास भी किया था. इस मामले को जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने में दर्ज किया जा चुका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
आमतौर पर हाई प्रोफाइल मामले सुर्खियों में नहीं आते. पहली बार सिलीगुड़ी में यह मामला चर्चा में है. सिलीगुड़ी में पिछले 1 वर्ष में अवैध संबंधों के चलते आपराधिक घटनाओं की बाढ़ आ गई है. परस्त्री संबंध, अवैध संबंध, परपुरुष संबंध अनैतिक रिश्ते होते हैं. जिनका अकसर दुखद अंत होता है. अनैतिक रिश्तो के चलते अपराध जन्म लेते हैं. दांपत्य संबंध तो टूटते ही हैं, जीवन से भी हाथ धोना पड़ जाता है. इसीलिए कहा गया है कि पति पत्नी और ‘वह’ के बीच ‘वह’ शैतान होता है, जो उनके रिश्ते को खत्म कर अपराध का बीज होता है.
