May 23, 2026
Sevoke Road, Siliguri
Raju Bista bjp good news Health kalimpong newsupdate suvendu adhikary

कालिम्पोंग के लिए बड़ी सौगात!

A big gift for Kalimpong

कालिम्पोंग में मेडिकल कॉलेज स्थापना को लेकर दार्जिलिंग के सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजू बिष्टा ने पश्चिम बंगाल सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए इसे पहाड़ के लोगों के लिए “ऐतिहासिक उपलब्धि” बताया है। शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने लंबे समय से लंबित इस मांग को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकार किया है।

राजू बिष्टा ने कहा कि वर्ष 2019 से ही वह दार्जिलिंग पहाड़ और आसपास के क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग लगातार उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण पहाड़ के लोगों को इलाज के लिए सिलीगुड़ी और कोलकाता तक जाना पड़ता था, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को बार-बार रोका, जिसके कारण क्षेत्र विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रहा।

उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कालिम्पोंग में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को प्राथमिकता देते हुए जनता की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। सांसद ने इसे “न्याय की जीत” बताते हुए कहा कि यह केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि पूरे पहाड़ी क्षेत्र के स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के लिए नई उम्मीद लेकर आएगा।

राज्य सरकार ने कालिम्पोंग के साथ-साथ अलीपुरद्वार, दक्षिण दिनाजपुर और पश्चिम बर्दवान में भी नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की घोषणा की है। इस फैसले को लेकर क्षेत्र में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि मेडिकल College बनने से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और युवाओं को मेडिकल शिक्षा के नए अवसर भी मिलेंगे।

राजू बिष्टा ने बताया कि भाजपा सरकार बनने के तुरंत बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को पत्र लिखकर कालिम्पोंग में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि उनकी इस मांग को जिस गंभीरता और तेजी से स्वीकार किया गया, उसके लिए वह मुख्यमंत्री के प्रति विशेष रूप से आभारी हैं।

सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का भी धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि दार्जिलिंग पहाड़, तराई और डुआर्स के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और पर्यटन के क्षेत्र में और भी बड़े विकास कार्य देखने को मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *