May 25, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स hasimara airport suvendu adhikary

हासीमारा एयरपोर्ट से सामान्य नागरिक उड़ान सेवा शुरू होगी!

https://khabarsamay.com/hasimara-airport-to-resume-normal-civilian-flight-services/

एक पुरानी कहावत है कि 12 साल बाद घुरे के भी दिन फिर जाते हैं. पर्यटन और व्यापार का स्वर्ग कहा जाने वाला Dooars क्षेत्र में सब कुछ है, लेकिन यहां एक हवाई अड्डा ना होने से पर्यटकों को बागडोगरा एयरपोर्ट पर उतरकर सड़क मार्ग के जरिए Dooars जाना पड़ता था, जो उनके लिए आराम देह नहीं था. आने वाले कुछ समय में यह स्थिति बदलने जा रही है.

जब से मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने हासीमारा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए ग्रीन सिग्नल दी है, तभी से जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार और Dooars के लोग काफी खुश हैं. खुश दार्जिलिंग के भाजपा सांसद राजू बिष्ट और अलीपुरद्वार के भाजपा सांसद मनोज टिगा भी हैं, जिनकी मेहनत रंग लाई है. आने वाले कुछ समय में उत्तर बंगाल में बागडोगरा एयरपोर्ट के अलावा हासीमारा एयरपोर्ट भी नागरिक उड़ान सेवाओं के लिए तैयार हो जाएगा.

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा इस संबंध में ग्रीन सिग्नल मिल जाने के बाद हासीमारा एयरपोर्ट के विस्तार का काम शीघ्र ही शुरू हो जाएगा. इस एयरपोर्ट का संघर्ष भी अपनी जगह पर है.आपको याद होगा कि पूर्ववर्ती टीएमसी सरकार में यहां से 2 सीटर या 3 सीटर विमान सेवा हासीमारा से कोलकाता के लिए शुरू की गई थी. लेकिन राज्य सरकार की उपेक्षा के चलते बंद कर दी गई. यहां नियमित उड़ान सेवा शुरू करने के लिए एयरपोर्ट टर्मिनल के विकास की आवश्यकता थी. यह कार्य राज्य सरकार की मेहरबानी से ही हो सकता था. लेकिन कथित तौर पर सरकार ने इसमें कोई रुचि नहीं दिखाई और ना ही इसके लिए जमीन उपलब्ध कराई.

वर्तमान भाजपा सरकार में हासीमारा एयरपोर्ट के दिन फिर गए हैं. यहां एक नया टर्मिनल भवन बनेगा और नियमित उड़ान सेवाओं को तरजीह दी जाएगी. हालांकि इसमें समय लगेगा. यहां के व्यवसायी, अधिकारी और कारोबारी काफी खुश हैं. जो काम 34 साल शासन करने वाली वाम मोर्चा की सरकार नहीं कर सकी, जो काम 15 साल तक शासन करने वाली टीएमसी की सरकार न कर पाई, उस काम को सत्ता में आते ही भाजपा ने शुरू करवा दिया. इससे न केवल Dooars का चौतरफा विकास होगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवा, कारोबार, व्यापार और पर्यटन के क्षेत्र में भी नई क्रांति आएगी.

सिलीगुड़ी के नजदीक बागडोगरा एयरपोर्ट एकमात्र ऐसा एयरपोर्ट है जहां उत्तर बंगाल, सिक्किम, बिहार ,भूटान ,नेपाल आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में यात्री वायु यातायात करते हैं .पीक सीजन में यहां यात्रियों की काफी भीड़ हो जाती है. वर्तमान में बागडोगरा एयरपोर्ट के विस्तारित स्वरूप का ढांचा लगभग तैयार है. अब हासीमारा एयरपोर्ट को शुरू किए जाने से बागडोगरा एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव कम होगा.

इसके साथ ही हासीमारा में नागरिक सेवा एयरपोर्ट शुरू होने से Dooars में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में क्रांति आएगी. हासीमारा एयरपोर्ट अलीपुरद्वार और भूटान सीमा से लगभग 40 किलोमीटर दूर है और यह चाय बागानों से घिरा है. यहां एयरपोर्ट हो जाने से यहां आर्थिक विकास की गति बढ़ेगी. इस एयरपोर्ट के लिए पूर्व में काफी प्रयास किए गए थे. सांसद राजू बिष्ट के अलावा सांसद मनोज टिगगा और अन्य भाजपा नेताओं ने भी केंद्र और राज्य सरकार को कई बार पत्र भी लिखा था.

हाल ही में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के सिलीगुड़ी दौरे के दौरान मनोज टीगा ने हासी मारा एयरपोर्ट को लेकर उनसे चर्चा की थी. 2022 में तत्कालीन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हासीमारा एयरपोर्ट के विकास के लिए तत्कालीन सांसद जॉन बारला को पत्र लिखा था. इसके लिए राज्य सरकार से आवश्यक जमीन हस्तांतरित करने के लिए कहा गया था.

जो खबर निकलकर सामने आ रही है, उसके अनुसार प्रस्तावित एयरपोर्ट सिविल एंक्लेव मॉडल पर विकसित होगा. ठीक उसी तरह से जैसे बागडोगरा एयरपोर्ट का संचालन होता है. रनवे और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की जिम्मेदारी भारतीय वायु सेना के पास रहेगी. जबकि बाकी काम का संचालन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया करेगी.

दार्जिलिंग के भाजपा सांसद राजू विष्ट व अन्य भाजपा नेताओं के अनुसार अगर ममता बनर्जी की सरकार ने यहां एयरपोर्ट विकास के लिए जमीन दे दी होती तो अब तक यह एयरपोर्ट नागरिक सेवा के लिए समर्पित हो चुका होता. राज्य में भाजपा की सरकार बनने से यहां जमीन संबंधी रुकावट दूर हो गई है. पिछले दिनों मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने यहां एयरपोर्ट टर्मिनल के निर्माण के लिए हरी झंडी दे दी है.

आपको बताते चलें कि हासी मारा हवाई अड्डा आधिकारिक रूप से एक एयर फोर्स स्टेशन है. यह अलीपुरद्वार जिले में Dooars क्षेत्र में स्थित है और भारतीय वायुसेना का एक महत्वपूर्ण एयरबेस है. यह एयरपोर्ट स्टेशन भारत भूटान सीमा और चुंगी घाटी के बहुत करीब सामरिक स्थान पर स्थित है. यह स्टेशन भारतीय वायुसेना के लिए एक प्रमुख केंद्र है. यहां फ्रांसीसी लड़ाकू विमान राफेल की स्क्वाडरन तैनात है.

अब यह एयरपोर्ट नागरिक उड़ानों के संचालन के लिए तैयार किया जाएगा. यहां एक आधुनिक यात्री टर्मिनल बनेगा, जिसके लिए प्रयास शुरू कर दिया गया है. हासी मारा एयरपोर्ट विकसित होने से Dooars और भूटान जाने वाले पर्यटकों तथा व्यापारियों को आवागमन में सुविधा होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *