सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी के 31 नंबर वार्ड अंतर्गत नौकाघाट इलाके में महानंदा नदी के किनारे झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक के दो साथियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गत 22 मई की सुबह नौकाघाट क्षेत्र में महानंदा नदी के चर की झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर एनजेपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
एनजेपी थाना प्रभारी रंजन दास के नेतृत्व में जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पहचान जलपाईमोड़ नीचेपाड़ा निवासी 21 वर्षीय सौकुमार परिड़ा उर्फ लामा के रूप में की।
जांच के क्रम में पुलिस ने बुधवार को सिलीगुड़ी थाना क्षेत्र के जलपाईमोड़ नयापाड़ा निवासी संजीव दास तथा अशोकनगर निवासी विशाल दास को संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, 21 मई की रात तीनों युवक जलपाईमोड़ इलाके में एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर संजीव दास और विशाल दास ने मिलकर सौकुमार परिड़ा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को एक वैन में ले जाकर नौकाघाट स्थित महानंदा नदी के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया और फरार हो गए।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को गुरुवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। मामले की आगे की जांच के लिए पुलिस सात दिनों की रिमांड की मांग करेगी।

