June 23, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी के TMC पार्षदों को राजू बिष्ट की ललकार! जनता के पैसे लौटाओ नहीं तो जाओ जेल!

कौन है रंजन सरकार… मैं तो उसका नाम भी नहीं जानता… कभी वह बीजेपी में शामिल होना चाहता था. लेकिन मैंने मना कर दिया. ऐसे भ्रष्टाचारी नेताओं की बीजेपी में कोई जगह नहीं है. खुद को गुंडा बताता है. लेकिन भूल गया कि यह बीजेपी की सरकार है. गुंडई उतारना आता है. ऐसे भ्रष्टाचारी लोग जल्द ही जेल में होंगे.

और भी बहुत सारे टीएमसी पार्षद जेल जाएंगे. इन भ्रष्टाचारियों का कच्चा चिट्ठा हमारे पास है. उन्हें भागने भी नहीं दिया जाएगा. अगर वे सोचते हैं कि जनता के पैसे लूटकर नेपाल भाग जाएंगे तो यह उनकी भूल है. हम उन्हें कहीं से भी खींच लाएंगे. और पाई पाई वसूल करेंगे… ये शब्द राजू बिष्ट के हैं. खबर समय के साथ एक बातचीत में उन्होंने उपरोक्त बात कही.

सिलीगुड़ी नगर निगम का तृणमूल कांग्रेस संचालित बोर्ड भंग हो चुका है. गौतम देव के इस्तीफे के बाद हालांकि टीएमसी के कुछ पार्षदों ने डिप्टी मेयर रंजन सरकार तथा अन्य पार्षदों को लेकर बोर्ड गठन करने की जरूर कोशिश की थी. लेकिन वे सफल नहीं हो सके. और आखिरकार राज्य सरकार ने सिलीगुड़ी की जनता की देखभाल के लिए प्रशासक के रूप में आर. विमला की नियुक्ति कर दी है.

आर विमला ने अपना पदभार भी संभाल लिया है. राजू बिष्ट ने उनके प्रशासनिक अनुभव और योग्यता की बात कही. उन्होंने सिलीगुड़ी की जनता को भरोसा दिया कि सिलीगुड़ी के लोगों को एक पारदर्शी और ईमानदार प्रशासन मिलेगा. शहर के लोगों को टीएमसी के राज्य में विभिन्न तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. अब ऐसा नहीं होगा. पानी से लेकर डंपिंग ग्राउंड तक सब कुछ उपलब्ध रहेगा.

आज एसएमसी बोर्ड भंग होने के बाद मौजूदा उत्पन्न स्थिति पर चर्चा करने के लिए भाजपा सांसद राजू बिष्ट खबर समय के साथ थे. हमारे खबर समय के प्रतिनिधि के साथ हुई बातचीत में राजू बिष्ट ने स्पष्ट रूप से बताया कि सिलीगुड़ी के लोगों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है. हमारी प्रशासिका यह सुनिश्चित करेगी कि सिलीगुड़ी की जनता को पीने का पानी, सफाई समेत सभी बुनियादी अधिकार मिले. राजू बिष्ट ने उन स्थितियों पर प्रकाश डाला, जहां सरकार को यह एक्शन लेना पड़ा!

राजू बिष्ट ने सिलीगुड़ी नगर निगम के टीएमसी पार्षदों पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने एसएमसी को लूटा है. इन्होंने जनता के पैसे को लूटा है. इन पार्षदों को जनता के पैसे लौटाने होंगे. नहीं तो उन्हें जेल जाना होगा. राजू बिष्ट ने पूर्व डिप्टी मेयर रंजन सरकार का परिहास उड़ाते हुए कहा कि ऐसे लोगों की गुंडागर्दी भाजपा सरकार उतार देगी. राजू बिष्ट ने कहा कि इन लोगों ने विभिन्न सिंडिकेट के जरिए सिलीगुड़ी के लोगों को लूटा है.

खबर समय के साथ बातचीत करते हुए राजू बिष्ट ने अपनी बेबाक शैली में कहा कि सिलीगुड़ी नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका था. टीएमसी का हर नेता रिश्वत खा रहा था. यहां तक कि एक जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भी टीएमसी पार्षदों की मुट्ठी गर्म करनी पड़ती थी. टीएमसी के पार्षद सिलीगुड़ी में जगह-जगह सिंडिकेट बनाकर वसूली कर रहे थे.

उन्होंने एनजेपी से लेकर विधान मार्केट, सेवक रोड, शालूगड़ा, सिलीगुड़ी जंक्शन आदि विभिन्न जगहों पर सिंडिकेट के जरिए होने वाली उनकी कमाई का आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे पास उनके खिलाफ पुख्ता प्रमाण भी है. बहुत जल्द इन नेताओं को जेल जाना होगा. राजू बिष्ट की इस ललकार के बाद सिलीगुड़ी के राजनीतिक गलियारों खासकर टीएमसी की तरफ से सियासी तूफान उठने की संभावना है .अब देखना है कि राजू बिष्ट ने टीएमसी के जिन पार्षदों पर आरोप लगाया है, उनकी तरफ से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *