June 24, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी के होटल-ढाबे में बिरयानी खाने से पहले हो जाएं सावधान!

अधिकांश लोगों को बिरयानी खाना पसंद है. सिलीगुड़ी में बिरयानी परोसने वाले अनेक होटल और ढाबे हैं, जहां ग्राहकों के मिजाज और स्वाद के अनुसार बिरयानी तैयार किया जाता है. पर क्या आप जानते हैं कि जिस बिरयानी को खाने के लिए आप दूर से चलकर होटल या ढाबे में पैसा खर्च कर रहे हैं, क्या वह वाकई ताजा होता है या बासी, सड़े गले बिरयानी को ताजा बना कर भरोसा जाता है?

आज एक बार फिर से यह सवाल इसलिए उठाया जा रहा है कि एक बार फिर से सिलीगुड़ी की एक दुकान में बिरयानी में मांस में कीड़ा पाया गया. यह दुकान चंपासारी मिलन मोड में स्थित है. मिली जानकारी के अनुसार पहले भी यहां एक अन्य दुकान में बिरयानी में कीड़ा पाए जाने की घटना घटी थी. यह दूसरी घटना है. पहली घटना में तो दुकानदार को चेतावनी दी गई. लेकिन इस बार दुकान को बंद कर पुलिस ने दुकानदार को कानूनी मामले में लपेट लिया है.

राजू, रोहित और सुमित (तीनों कल्पित नाम) इस दुकान पर बिरयानी खाने पहुंचे थे. इलाके में यह चर्चित दुकान थी. बिरयानी खाने के शौकीन लोग इसी दुकान में आकर बिरयानी का स्वाद लेते थे. इन युवकों ने भी बिरयानी खाने का प्लान बनाया और दुकान में आकर आर्डर दे दिया. कुछ ही देर में उनके सामने बिरयानी परोस दी गई. जैसे ही उन्होंने बिरयानी खाने का उपक्रम किया, वैसे ही एक युवक ने परोसी गई बिरयानी के मांस के एक टुकड़े में कीड़े को रेंगते देखा. यह देखकर युवक चीख पड़ा.

‘क्या हुआ’ युवक के साथियों ने पूछा तो उसने बात बता दी. इसके बाद तीनों दोस्त उठ खड़े हुए और दुकानदार से सड़े हुए बिरयानी को लेकर बहस करने लगे. दुकानदार मान नहीं रहा था. जबकि वे लोग बिरयानी में कीड़े को दिखा रहे थे. दोनों तरफ से बहस शुरू हो गई. और हंगामा भी बढ़ता चला गया. इसी बीच किसी ने प्रधान नगर पुलिस को सूचना दे दी. तब तक दुकान के बाहर काफी भीड़ जमा हो गई थी. लोग बिरयानी में कीड़ा पाए जाने की सूचना के बाद हंगामा कर रहे थे.

इसी बीच प्रधान नगर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह उत्तेजित भीड को शांत कराया. प्रधान नगर पुलिस ने वस्तु स्थिति को देखते हुए दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया और उसकी दुकान भी तत्काल बंद करा दी. बिरयानी में कीड़ा है या नहीं, यह खाद्य विभाग की जांच का विषय था. लिहाजा पुलिस ने बिरयानी और मांस के नमूने जब्त कर लिए. खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत इस पर कार्रवाई शुरू हो गई है.

इस घटना को लेकर लोगों में उत्तेजना है. क्योंकि यह पहली घटना नहीं है. सिलीगुड़ी में पिछले दो वर्षों में इस तरह की चार घटनाएं घट चुकी हैं. कभी मिठाई की दुकान में कीड़े का मिलना तो कभी बिरयानी और मांस में कीड़ा पाया जाना, ऐसी घटनाएं पहले भी घटी है. लेकिन इसके बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. पिछले साल चंपासारी मोड के पास निवेदिता रोड में भी एक दुकान की बिरयानी में कीड़े मिले थे.

इस घटना के बाद सिलीगुड़ी नगर निगम के द्वारा शहर के होटलों और रेस्टोरेंट में विशेष जांच अभियान चलाया गया था. कुछ दुकानों में अनियमितता पाए जाने के बाद बंद भी करा दिया गया था. लेकिन दुकानदार ऐसी घटनाओं से कोई सबक नहीं ले रहे हैं और सिलीगुड़ी के लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की कार्रवाई ठोस तरीके से नहीं हो पाती है. उनका अभियान कुछ समय तक तीव्र गति से जारी रहता है और फिर स्थिर पड़ जाता है. इसका लाभ दुकानदार उठाते हैं.

आखिर इस स्थिति का जिम्मेवार कौन है? आखिर दुकानदार कब तक लोगों के जीवन से खिलवाड़ करते रहेंगे? लोग उम्मीद कर रहे हैं कि नई सरकार इस तरफ ध्यान देगी और सिलीगुड़ी के होटल ढाबों में परोसे जाने वाले सडे गले बासी खाने को लेकर गंभीर होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *