सिलीगुड़ी: श्री खाटू श्याम सेवा मंडल ट्रस्ट, सिलीगुड़ी की ओर से 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही बाबा श्री खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। मंदिर परिसर पूरे दिन “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” के जयकारों और भजनों से भक्तिमय बना रहा।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा श्री श्याम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के तहत आयोजित भव्य भंडारे में करीब 1100 से 1200 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की सुव्यवस्थित व्यवस्था की श्रद्धालुओं ने जमकर सराहना की।
महोत्सव को सफल बनाने में ट्रस्ट के कार्यकारिणी सदस्यों, मंडल के सदस्यों और सेवा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था, प्रसाद वितरण, भंडारा सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया।
ट्रस्ट के सचिव अरुण कंदोई और संयोजक संजय सिंघल ने सभी श्रद्धालुओं, दानदाताओं, सेवाभावी कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा श्री श्याम की कृपा और सभी के सहयोग से गुरु पूर्णिमा महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
श्री खाटू श्याम सेवा मंडल ट्रस्ट ने भविष्य में भी धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सेवा जारी रखने का संकल्प दोहराया।
॥ जय श्री श्याम ॥

