August 1, 2026
Sevoke Road, Siliguri
newsupdate Football good news Shankar ghosh siliguri

इस्ट बंगाल दिवस पर सिलिगुड़ी में जश्न, विधायक शंकर घोष ने कंचनजंघा स्टेडियम के कायाकल्प का दिया भरोसा !

https://khabarsamay.com/celebrations-in-siliguri-on-east-bengal-day-mla-shankar-ghosh-assures-rejuvenation-of-kanchenjunga-stadium/

सिलीगुड़ी: भारतीय फुटबॉल के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक क्लबों में से एक इस्ट बंगाल क्लब के 107वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को सिलीगुड़ी में उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर सिलीगुड़ी इस्ट बंगाल फैंस क्लब ने क्लब के 107वें स्थापना दिवस के साथ-साथ अपने 10वें स्थापना वर्ष का भी जश्न मनाया।

कार्यक्रम में विधायक शंकर घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ध्वजारोहण किया, केक काटकर समारोह की शुरुआत की और सभी समर्थकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधायक शंकर घोष ने सिलीगुड़ी के ऐतिहासिक कंचनजंघा स्टेडियम के जीर्णोद्धार का आश्वासन देते हुए कहा कि स्टेडियम को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्टेडियम का प्रबंधन नगर निगम के अधीन से खेल विभाग को सौंपने की दिशा में भी पहल की जा रही है। साथ ही कंचनजंघा स्टेडियम स्थित स्पोर्ट्स म्यूजियम को भी नए स्वरूप में विकसित करने की योजना है, ताकि खेल इतिहास को बेहतर ढंग से संरक्षित किया जा सके।

उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में खेलों से जुड़ने और मैदान की ओर लौटने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल ही स्वस्थ समाज और उज्ज्वल भविष्य की नींव है।

कार्यक्रम के दौरान लाल-पीले रंग में रंगे समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। क्लब के स्थापना दिवस पर समर्थकों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और अपने प्रिय क्लब की गौरवशाली विरासत को याद करते हुए भविष्य की सफलताओं की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *