KMC आयुक्त स्मिता पांडेय और मीना पुरोहित ने किया डस्टबिन वितरण, व्यापारियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
कोलकाता, 26 अगस्त 2026। पश्चिम बंगाल के प्रमुख व्यापारिक संगठन कॉन्फेडरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशंस (CWBTA) की ओर से बुधवार को बड़ा बाजार में ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के तहत जन जागरूकता एवं डस्टबिन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य ऐतिहासिक और व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र बड़ा बाजार को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाने के साथ व्यापारियों एवं नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान “स्वच्छ बड़ा बाजार—स्वस्थ व्यापार, बेहतर कारोबार” का संदेश दिया गया। इस अवसर पर कोलकाता नगर निगम (KMC) की आयुक्त एवं प्रशासक स्मिता पांडेय (IAS) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं पार्षद मीना पुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
व्यापारियों के बीच वितरित किए गए डस्टबिन
कार्यक्रम में CWBTA के पदाधिकारियों और अतिथियों ने संयुक्त रूप से स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों एवं व्यवसायियों के बीच नि:शुल्क डस्टबिन वितरित किए। साथ ही व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा सड़कों और नालियों में नहीं डालने की शपथ दिलाई गई।
स्मिता पांडेय ने की पहल की सराहना
समारोह को संबोधित करते हुए KMC आयुक्त एवं प्रशासक स्मिता पांडेय ने CWBTA की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बड़ा बाजार केवल कोलकाता ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत का महत्वपूर्ण आर्थिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, श्रमिक और ग्राहक पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि इतने बड़े और व्यस्त क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन नागरिकों और व्यापारिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से इसे बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने CWBTA के ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान को सामुदायिक भागीदारी का अनुकरणीय उदाहरण बताया।
मीना पुरोहित ने व्यापारियों से की अपील
मीना पुरोहित ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और व्यापारी की व्यक्तिगत एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे कचरा सड़कों या नालियों में फेंकने के बजाय डस्टबिन का इस्तेमाल करें।
उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा बड़ा बाजार ग्राहकों को बेहतर अनुभव देगा और इससे व्यापारिक गतिविधियों को भी सकारात्मक लाभ मिलेगा। उन्होंने स्थानीय प्रतिनिधि के तौर पर निगम और व्यापारिक समाज को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
CWBTA अध्यक्ष सुशील पोद्दार ने बताया अभियान का उद्देश्य
CWBTA अध्यक्ष सुशील पोद्दार ने कहा कि बड़ा बाजार केवल एक व्यापारिक केंद्र नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत की आर्थिक पहचान है। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज आर्थिक गतिविधियों के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी हमेशा आगे रहा है।
उन्होंने बताया कि ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान का लक्ष्य बड़ा बाजार को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप देना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ बाजार में ग्राहकों का अनुभव बेहतर होगा और इसका सकारात्मक प्रभाव कारोबार पर भी पड़ेगा। CWBTA क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आगे भी निरंतर प्रयास करता रहेगा।
अभियान की पांच प्रमुख प्राथमिकताएं
CWBTA पदाधिकारियों के अनुसार यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बड़ा बाजार के प्रमुख गलियारों और व्यापारिक क्षेत्रों में लगातार चलाया जाएगा। अभियान के तहत पांच प्रमुख बिंदुओं पर विशेष जोर दिया जाएगा—
- बाजार क्षेत्रों की गहन सफाई: तंग गलियों और प्रमुख सड़कों की नियमित एवं गहन सफाई।
- कचरे का उचित निपटान: सूखे और गीले कचरे के पृथक्करण तथा समय पर उठाव पर जोर।
- नालियों एवं जल निकासी की व्यवस्था: जलभराव की समस्या को रोकने के लिए नालियों की नियमित सफाई।
- स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन: संक्रमण और बीमारियों से बचाव के लिए नियमित सैनिटाइजेशन।
- जन जागरूकता एवं सामुदायिक भागीदारी: व्यापारियों, ठेले-रेहड़ी वालों और आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना।
भावी पीढ़ी के लिए स्वच्छ वातावरण का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर CWBTA प्रतिनिधियों ने अतिथियों, व्यापारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। सभी ने भावी पीढ़ी के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि बेहतर और स्वच्छ कल के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
इस आयोजन का संयोजन CWBTA अध्यक्ष सुशील पोद्दार, उपाध्यक्ष प्रदीप लुहारीवाला एवं सी. के. वरदराजन, सचिव जे. एल. बरडिया तथा CEO करिश्मा खन्ना की देखरेख में हुआ।
कार्यक्रम में व्यापारिक जगत और CETA के वरिष्ठ प्रतिनिधियों एवं सदस्यों के अलावा मनमोहन भटार, सुरेंद्र डूगर, संजय सोन्थालिया, अरविंद पांडेय, मदन मोहन जी (CETA), प्रकाश जी (CETA), राजेश लुहारीवाला, नवनीत दुजारी, कमल चांदगोठिया, पंकज घोष, राजेश सोनी, श्रावण सोनी, एस. के. चौरड़िया, शशि शाह, चंद्रेश मेघानी, संजीव मेहरोत्रा, अभिषेक अग्रवाल, विवेक ड्रोलिया, निर्मल सराफ, प्रदीप खेतान तथा पोस्ता बाजार मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बड़ा बाजार को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल व्यापारिक क्षेत्र बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी का संकल्प लिया।

