सिलीगुड़ी: माटीगाड़ा थाना क्राइम विंग की टीम ने सोने के गहनों की चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से करीब 38 ग्राम सोने के गहने बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 से 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना 22 सितंबर की बताई जा रही है। माटीगाड़ा इलाके में दुकान चलाने वाली एक बुजुर्ग महिला घर खाली रहने के डर से अपने सोने के गहने बैग में रखकर दुकान लाया करती थीं। आरोप है कि दुकान के पीछे निर्माण कार्य में लगे दो युवकों की नजर लगातार उन गहनों पर थी।
22 सितंबर को गहने गायब होने के बाद महिला शिकायत लेकर माटीगाड़ा थाने पहुंचीं और रात में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 23 सितंबर को करीब दो घंटे के भीतर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय रामकुमार बर्मन और 31 वर्षीय सचिन माझी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के पास से **23 ग्राम की सोने की बाला, 11.66 ग्राम की चेन और 3.8 ग्राम के कान के बाली बरामद हुए हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर चोरी की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को विभिन्न धाराओं के तहत सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।

