September 30, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

क्यों हुई सिलीगुड़ी से वीर विक्रम राय की विदाई? SMC के नये कमिश्नर तेजा दीपक सिलीगुड़ी का बेड़ा पार लगाएंगे!

सिलीगुड़ी में पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के बाद अब राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ा बदलाव किया है. सिलीगुड़ी नगर निगम के कमिश्नर वीर विक्रम राय का तबादला कर दिया गया है. उनकी जगह IAS बंदवासी तेजा दीपक को सिलीगुड़ी नगर निगम का नया कमिश्नर बनाया गया है. एक आईएएस के रूप में तेजा दीपक के कर्सियांग में एसडीओ के रूप में उनके प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए यह उम्मीद की जा रही है कि सिलीगुड़ी प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त और पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे.

सिलीगुड़ी नगर निगम के नए कमिश्नर IAS बनवासी तेजा दीपक उत्तर दिनाजपुर जिले में एडीएम रह चुके हैं. वे मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं. हालांकि सिलीगुड़ी के लोग तेजा दीपक के बारे में बहुत कम जानते हैं. लेकिन उत्तर दिनाजपुर जिले के साथ साथ कर्सियांग आदि क्षेत्रों में उनकी प्रशासनिक क्षमता को सरकार ने माना है. राज्य सरकार ने एक अधिसूचना जारी करके उन्हें सिलीगुड़ी नगर निगम के नए कमिश्नर की जिम्मेदारी तो दी ही है, इसके साथ ही उन्हें सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार भी सौपा है. सरकार का यह फैसला यह संकेत है कि तेजा दीपक सिलीगुड़ी प्रशासन के कुशल संचालन में एक ईमानदार और पारदर्शी भूमिका निभाएंगे.

मालूम हो कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि तृणमूल सरकार के शासनकाल में सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण में कथित घोटाले की जांच कराई जाएगी और दोषी लोगों को जेल भेजा जाएगा. इसके लिए सरकार ने कमेटी का भी गठन कर दिया है. पता चलता है कि तेजा दीपक सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण के नए सीईओ के रूप में भ्रष्टाचार की जांच में सरकार और कमेटी को महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं.

जहां तक सिलीगुड़ी नगर निगम के पूर्व कमिश्नर वीर विक्रम राय की विदाई की बात है, तो सूत्र बताते हैं कि उनके बारे में अनेक लोगों की राय अच्छी नहीं मानी जा रही थी. वीर विक्रम राय के बारे में लोगों का मत था कि वे कड़े फैसले लेते थे. उनका फैसला हमेशा सुर्खियों में रहता था. सूत्र बता रहे हैं कि कई बार उनके फैसले से भाजपा के कुछ नेता भी परेशान हो जाते थे. सिलीगुड़ी नगर निगम में प्रशासनिक फेर बदल को लेकर अनेक लोगों का यह भी कहना है कि पूजा के बाद सरकार सिलीगुड़ी नगर निगम का चुनाव करा सकती है. इसे एक चुनाव पूर्व तैयारी के रूप में माना जा रहा है.

सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार राज्य सरकार सिलीगुड़ी नगर निगम का चुनाव कराने से पहले एक सकारात्मक और लचीला वातावरण का निर्माण करना चाहती है, जो पूर्व कमिश्नर वीर विक्रम राय के रहते संभव नहीं था. अंदरूनी सूत्र बता रहे हैं कि भाजपा के कुछ नेताओं से भी उनकी अनबन थी. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. उनके बारे में यह भी कहा जा रहा है कि सिलीगुड़ी नगर निगम क्षेत्र में अवैध होर्डिंग, मिठाई दुकानों में छापेमारी, रेहरी पटरी वालों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही उनके अचानक और कठोर कदम कई जरूरतमंदों पर भारी पड़े थे. इससे कहीं ना कहीं लोगों में असंतोष भी था.

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार सिलीगुड़ी नगर निगम के नए कमिश्नर तेजा दीपक को यहां लाने के पीछे सरकार की मंशा सिलीगुड़ी में सरकार की योजना को जमीन पर उतारना, शांति स्थापना और सरकारी योजनाओं को गति देना है, ताकि चुनाव में इसका लाभ सरकार को मिल सके. बहरहाल यह देखना होगा कि सिलीगुड़ी नगर निगम के नए कमिश्नर तेजा दीपक सरकार की योजना को कितना परवान चढ़ा पाते हैं और सिलीगुड़ी में एक ईमानदार, स्वच्छ व कुशल शासन संचालन में अपनी क्षमता को किस तरह साबित कर पाते हैं, यह भी देखना होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *