सिलिगुड़ी शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल हिलकार्ट रोड और जंक्शन क्षेत्र में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को कम करने के लिए सिलिगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की ट्रैफिक शाखा ने बड़ा फैसला लिया है। अब शाम 5 बजे के बाद कोलकाता, पटना, रांची, असम समेत विभिन्न गंतव्यों के लिए चलने वाली लंबी दूरी की वोल्वो और निजी बसें जंक्शन क्षेत्र की सड़कों से रवाना नहीं होंगी। सभी बसों को तेनजिंग नोर्गे बस टर्मिनस के भीतर से ही अपनी यात्रा शुरू करनी होगी।
रविवार को डिप्टी पुलिस कमिश्नर (ट्रैफिक) काजी शमसुद्दीन अहमद, असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस सुबीर दत्ता और जंक्शन ट्रैफिक इंस्पेक्टर रिदम साहा ने जंक्शन क्षेत्र का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया।
लंबे समय से जंक्शन इलाके में सड़क किनारे बसों के खड़े रहने तथा यात्रियों के चढ़ने-उतरने के कारण भारी ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई थी। इसी समस्या का स्थायी समाधान निकालने के उद्देश्य से प्रशासन ने यह नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि इस मुद्दे को लेकर सिलिगुड़ी के भाजपा विधायक शंकर घोष और दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट लगातार प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं। नई सरकार के गठन के बाद भी दोनों जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग की थी। बताया जा रहा है कि उनके अनुरोध के बाद ही प्रशासन ने नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है।
नई व्यवस्था के तहत सुबह 9 बजे के बाद कोई भी लंबी दूरी की वोल्वो बस यात्रियों को उतारने के लिए शहर के भीतर प्रवेश नहीं कर सकेगी। इन बसों को परिवहन नगर में ही यात्रियों को उतारना होगा।
प्रशासन के इस कदम का आम लोगों, पर्यटकों और यात्रियों के एक बड़े वर्ग ने स्वागत किया है। लोगों को उम्मीद है कि इससे जंक्शन और हिलकार्ट रोड क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी।

