August 26, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स darjeeling dooars HILLS rain siliguri weather

भारी बारिश के चलते सिलीगुड़ी से लेकर पहाड़ तक त्राहि-त्राहि! जानिए क्या-क्या हुई क्षति!

Will the storm in the ocean drown Bengal?

सिलीगुड़ी, समतल और पहाड़ में बीती रात आई लगातार भारी बारिश एवं तूफान ने एक तरफ सिलीगुड़ी और समतल का जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है, तो दूसरी तरफ पहाड़ पर लोगों का जीवन दूभर हो गया है. बालासन नदी पर बने अस्थाई पुल के ढह जाने से सिलीगुड़ी और मिरिक का सीधा संपर्क टूट गया है.

सिलीगुड़ी में पिछली रात की भारी बारिश के चलते सिलीगुड़ी नगर निगम के विभिन्न इलाकों में जल जमाव देखा गया. सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 46, वार्ड नंबर 13, वार्ड नंबर 45 आदि इलाकों में जल जमाव के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया. दार्जिलिंग मोड-सालूगाड़ा की तरफ जाने वाले चेक पोस्ट के आगे मुख्य पथ पर भी जल जमाव देखा गया, जहां अभी निर्माण कार्य चल रहा है. वार्ड नंबर 46 के विभिन्न इलाकों में जल जमाव के चलते स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने भाजपा नेताओं के नेतृत्व में स्थानीय पार्षद दिलीप बर्मन के घर का घेराव कर दिया.

हालांकि पार्षद दिलीप बर्मन ने अब अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. सिलीगुड़ी से हिलकार्ट रोड में एक पेड़ के उखड जाने से यातायात पर भारी असर पड़ा. कई जगह ट्रैफिक अस्त व्यस्त रहा. महानंदा और सहायक नदियों ने कई जगह तबाही मचाई है. सालूगाड़ा में बेतगाडा बस्ती का एक बड़ा हिस्सा महानंदा नदी में समा गया है. एक ही रात की भारी बारिश में लगभग 40 फुट किनारा नदी में समा गया है.

डागापुर में चनाचूर फैक्ट्री की दीवार भारी बारिश में ढह गई. गुलमा में भी भारी क्षति हुई है. वहां पैदल आने जाने वालों का बना पुल भी बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया है. सिलीगुड़ी में इसके अलावा कई इलाकों में जल जमाव के चलते स्थिति नारकीय हो गई. पिछली रात की भारी बारिश के चलते मुख्य रूप से दार्जिलिंग मोड, उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज, चंपासाड़ी, सालूगाड़ा, प्रकाश नगर पाइपलाइन और नगर निगम के विभिन्न इलाकों में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.

सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है. लेकिन पिछली रात हुई भारी बारिश में सिलीगुड़ी से लेकर पहाड़ तक तबाही ही देखी जा रही है. सिलीगुड़ी में महानंदा और सहायक नदियों का जलस्तर तेजी से बढा है तो दूसरी तरफ बालासन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से बालासन नदी पर बनाया गया कामचलाऊ ह्यूम पाइप पुल क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि जान माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है.

यह पुल सिलीगुड़ी और मिरिक को आपस में जोड़ता था. इस वजह से पुल टूट जाने से सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच सीधा संपर्क टूट गया है. सिलीगुड़ी और मिरिक को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण पुल 2025 में अस्थाई तौर पर बनाया गया था. पहाड़ में लगातार हो रही बारिश के चलते पुल का एक हिस्सा गिर गया. इसके बाद पुल के बजूद पर ही खतरा उत्पन्न हो गया है.

दार्जिलिंग के भाजपा सांसद राजू बिष्ट ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पुल का फिर से निर्माण कर दिया जाएगा. इस बीच स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार यातायात को डाइवर्ट कर दिया गया है. आपातकालीन व्यवस्था को बहाल किया जा चुका है. मिली जानकारी के अनुसार वाहनों की आवाजाही को पंखाबाडी और कर्सियांग होते हुए वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट किया गया है.

बताते चलें कि बालासन नदी पर एक पक्का दो लाइन वाला पुल बनाने के लिए 51 करोड रुपए सरकार ने पहले ही स्वीकृत कर दिए हैं. इस पर काम चल रहा है. फिलहाल अस्थाई पुल से ही यातायात हो रहा था, जो वर्तमान में ध्वस्त हो चुका है और इसके पुनर्निर्माण का प्रयास शुरू किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *