June 30, 2026
Sevoke Road, Siliguri
theft case bhaktinagar police crime good news newsupdate siliguri siliguri metropolitan police

सिलीगुड़ी में ज्वेलरी शोरूम में बड़ी चोरी की कोशिश नाकाम, दो आरोपी गिरफ्तार !

https://khabarsamay.com/major-theft-attempt-at-a-jewellery-showroom-in-siliguri-foiled-two-accused-arrested/

सिलीगुड़ी: शहर के सेवक रोड स्थित दो माइल इलाके में एक ज्वेलरी शोरूम में सोमवार देर रात बड़ी चोरी की कोशिश को भक्ति नगर थाना पुलिस ने विफल कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनके अन्य साथी फरार हो गए। उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिली कि कुछ बदमाश शोरूम में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे। सूचना मिलते ही भक्ति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाश अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे।

इसी दौरान भक्ति नगर थाना प्रभारी (ओसी), जो सेवक रोड से कॉसमॉस मॉल की ओर जा रहे थे, ने एक संदिग्ध युवक को भागते और पुलिस टीम को उसका पीछा करते देखा। उन्होंने तत्काल पीछा कर ज्योति नगर इलाके से आरोपी को दबोच लिया।

वहीं, दूसरी ओर पुलिस टीम ने शोरूम मालिक के पहुंचने का इंतजार किया। शटर खुलते ही शोरूम के अंदर छिपा एक अन्य आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया, जो मौके से फरार नहीं हो सका।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम कुमार और धर्मेंद्र साहनी, दोनों बिहार निवासी, के रूप में हुई है। पुलिस ने एक आरोपी के पास से कुछ सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वारदात में तीन से चार बदमाश शामिल थे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।

जानकारी के मुताबिक, शोरूम में लगे आधुनिक सुरक्षा सेंसर सक्रिय होने के बाद सबसे पहले इसकी सूचना टेक्निकल टीम को मिली। इसके बाद शोरूम मालिक ने सीसीटीवी फुटेज देखा, जिसमें देर रात कई बदमाश शोरूम के अंदर दिखाई दिए। तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही भक्ति नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके की घेराबंदी की और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बदमाश शोरूम से कितने मूल्य के आभूषण चोरी करने में सफल हुए।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *