August 17, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स chicken neck INDEPENDENCE DAY security siliguri siliguri metropolitan police

देश में बम विस्फोट की धमकी के बाद चिकन नेक की सुरक्षा बढ़ाई गई! सिलीगुड़ी की सुरक्षा ‘सिंबा’ के हवाले!

https://khabarsamay.com/security-at-chicken-neck-has-been-beefed-up-following-a-nationwide-bomb-threat-siliguris-security-has-been-handed-over-to-simba/

15 अगस्त को लेकर दिल्ली समेत भारत के कई शहरों तथा स्थानों में आतंकवादी संगठनों के द्वारा जगह-जगह बम विस्फोट की धमकी के ईमेल भेजे जा रहे हैं. दिल्ली में एयरपोर्ट और अन्य 6 स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद देश भर में सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर दिया है. सभी संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सिलीगुड़ी और चिकन नेक की सुरक्षा हाई अलर्ट पर रखी गयी है.

उत्तर पूर्व का प्रवेश द्वार कहा जाने वाला सिलीगुड़ी शहर नेपाल, भूटान व बांग्लादेश की सीमा पर स्थित है. पिछले दिनों उत्तर 24 परगना से पकड़े गए ISI एजेंट की गिरफ्तारी और कबूलनामे के बाद बंगाल पुलिस और एसटीएफ काफी चौकस है. इस बीच सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों की सुरक्षा की जिम्मेवारी सिंबा को सौंप दी गई है. सिलीगुड़ी में सिंबा जगह-जगह घूमता और सूंघता मिल जाएगा.

अगर आप सिंबा को देखना चाहते हैं तो यह सिटी सेंटर, मॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थानों, सब जगह तलाशी करता हुआ मिल जाएगा. सिंबा सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था को संभालने वाली पुलिस की स्पेशल टीम का खास आकर्षण है. आप सोच रहे होंगे कि सिंबा कोई इंसान है तो आपको बता दें कि यह कोई इंसान नहीं. बल्कि एक प्रशिक्षित डॉग है, जो 15 अगस्त की सुरक्षा के मद्देनजर अपना काम बखूबी कर रहा है.

सिंबा ने बैरकपुर में 1 साल का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है. उसके बाद उसकी पोस्टिंग सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट में की गई है. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के अधिकारी सिंबा की क्षमता पर भरोसा करते हैं. वह अपने काम और जिम्मेदारी के प्रति काफी गंभीर है. यह उसने साबित करते दिखाया भी है. सिंबा ने बागडोगरा एयरपोर्ट से जांच अभियान की शुरुआत कर दी है. जहां कोई विशेष सूचना मिलती है, वह दौड़ जाता है.

कल उसने माटीगाड़ा सिटी सेंटर के माॅल, सिलीगुड़ी जंक्शन, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, एनजेपी रेलवे स्टेशन इत्यादि कई स्थानों पर जांच तलाशी अभियान चलाया. अगर कोई असामाजिक तत्व अथवा आतंकवादी कहीं कोई विस्फोटक पदार्थ छिपा कर रखता है तो सिंबा की नजर से बच नहीं पाएगा. सिंबा की सूंघने की क्षमता इतनी अधिक है कि चाहे आतंकवादी या असामाजिक तत्व विस्फोटक को जमीन में भी गाड़ कर रखे, लेकिन वह उसकी नजरों से बच नहीं पाएगा.

चिकन नेक को लेकर सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस और सेना ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं. पानीटंकी से लेकर खोरीबाड़ी, फांसी देवा, माटीगाड़ा, सिलीगुड़ी, न्यू जलपाईगुड़ी आदि विभिन्न इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों ने विशेष सुरक्षा कवच तैयार कर रखा है. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस और सीमा सुरक्षा बल आपसी तालमेल के साथ चिकन नेक पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं. जगह-जगह चेकिंग चल रही है.

विभिन्न ट्रैफिक गार्डो के द्वारा वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है. यहां तक कि होटल में ठहरे यात्रियों के पहचान पत्रों को भी देखा जा रहा है. सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में स्थित होटल, पार्कों, मंदिर, शॉपिंग कंपलेक्स, सिनेमा हॉल समेत सभी महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी व्यवस्था बढ़ा दी गई है.

शहर में पेट्रोलिंग व्यवस्था भी तेज कर दी गई है.जो विशेष इंतेजामात किए गए हैं, उनके बारे में सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा बताते हैं कि आतंकवादी संगठनों की धमकी के बाद सिलीगुड़ी में भी सुरक्षा में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जा रही है.

उन्होंने बताया कि सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के सभी 6 थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया है. उनके साथ सिंबा भी होगा. इसके अलावा अनेक डॉग स्क्वायड टीम भी है, जिन्हें हर पल तैयार रखा गया है. दार्जिलिंग जिला पुलिस और सीमा सुरक्षा बल की 41वीं वाहिनी के जवानों ने पानी टंकी सीमा क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया है. नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

इस तरह से एक तरफ सिंबा और एसटीएफ सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों की सुरक्षा कर रहे हैं तो दूसरी तरफ चिकन नेक की सुरक्षा के लिए सीमा सुरक्षा बल के साथ ही सेना और पुलिस के जवान मुस्तैद हैं. यूं तो 15 अगस्त को लेकर सिलीगुड़ी की सुरक्षा हर साल नियमित रूप से बढ़ाई जाती है. लेकिन इस बार आतंकवादी संगठनों की धमकी के बाद विशेष व्यवस्था ली गई है. अगर कोई जरूरी ना हो तो 15 अगस्त के दिन घर पर ही रहें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *