सिलीगुड़ी: एक फोन कॉल ने दिल्ली के एक दंपति की बड़ी परेशानी दूर कर दी। सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पर्यटक हेल्पलाइन की सक्रियता के चलते लैपटॉप सहित महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा खोया हुआ बैग उसके असली मालिकों को सुरक्षित लौटा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी सायंतन पाल और उनकी पत्नी अनिंदिता बर्मन अपने रिश्तेदारों से मिलने अलीपुरद्वार आए थे। वहां से दिल्ली लौटने के लिए दोनों बस से बागडोगरा की ओर रवाना हुए। यात्रा के दौरान उन्होंने अपना लैपटॉप और अन्य जरूरी सामान से भरा बैग बस के लगेज कंपार्टमेंट में रखा था। लेकिन गंतव्य पर उतरते समय वे गलती से बैग बस में ही छोड़ गए।
बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचने पर जब उन्हें बैग के गायब होने का एहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत पर्यटक हेल्पलाइन पर संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई और तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने कम समय में बैग का पता लगाकर उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
इसके बाद ट्रैफिक विभाग के डिप्टी पुलिस आयुक्त काजी शमसुद्दीन अहमद ने लैपटॉप सहित बैग उसके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।
अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर सायंतन पाल और अनिंदिता बर्मन ने राहत जताई और सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पेशेवर कार्यशैली और सहयोगात्मक रवैये की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

