सिलीगुड़ी, 17 जुलाई 2025: सशस्त्र सीमा बल (SSB) सीमांत सिलीगुड़ी द्वारा आज एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सीमांत मुख्यालय, सिलीगुड़ी के तत्वावधान में, महानिरीक्षक श्री वंदन सक्सेना के निर्देशन तथा पूर्व धनसारा जोत जन कल्याण समिति के सहयोग से खुलिया जोत प्राइमरी स्कूल परिसर में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर उप-कमांडेंट श्री दुष्यंत, उप-कमांडेंट श्री अर्जुन सिंह सहित बल के अन्य अधिकारी, जवान एवं स्थानीय NGO के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर विद्यालय परिसर में अमरूद, आम, नीम, अशोक आदि विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और स्थानीय समुदाय विशेषकर स्कूली बच्चों को हरियाली तथा प्रकृति के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
इस पहल के माध्यम से सशस्त्र सीमा बल ने अपने सामाजिक और पर्यावरणीय दायित्वों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर से दोहराया। बल के अधिकारियों ने उपस्थित सभी लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया और भविष्य में भी इस प्रकार की पर्यावरणीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
विद्यालय प्रशासन और स्थानीय समुदाय ने इस प्रयास की सराहना की और बल को सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम ने न केवल हरियाली को बढ़ावा दिया, बल्कि सामाजिक सहभागिता और जनजागरूकता का भी एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया।