March 28, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी का गुरुंग बस्ती कांड: किसी भी पल आमिर अली की गिरफ्तारी!

गुरुंग बस्ती कांड के मुख्य आरोपी शिक्षक आमिर अली कभी भी गिरफ्तार हो सकता है. जिस तरह से सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने शिकंजा कसा है, ऐसे में आमिर अली बहुत ज्यादा समय तक पुलिस और कानून की पहुंच से दूर नहीं रह सकता है. आमिर अली तक पहुंचने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई है. खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी और सीडीआर के आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमें बिहार में सुपौल, वैशाली जबकि मध्य प्रदेश में ग्वालियर जा चुकी है.

आमिर अली पर दबाव बढ़ाने के लिए प्रधान नगर पुलिस पहले ही आरोपी के भाई समीर अली, पिता शमशेर अली और मां गुलशन बेगम को गिरफ्तार कर चुकी है. फिलहाल पूरे परिवार के लोग जेल की सलाखों के पीछे हैं. उन्हें अदालत से जमानत भी नहीं मिल पा रही है. 4 अप्रैल तक वे न्यायिक हिरासत में ही रहेंगे.

इस बीच भूमिगत रहकर आरोपी आमिर अली ने अपने वकील के माध्यम से कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका डाली. जिसे कोर्ट ठुकरा चुका है. दरअसल पुलिस ने आरोपी आमिर अली के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. उस पर पॉस्को एक्ट भी लगाया गया है.

इस घटना की पृष्ठभूमि में अब तक जो जानकारी हाथ लगी है, उसके अनुसार आरोपी आमिर अली कुलीपाड़ा इलाके में रहने वाली एक नाबालिग छात्रा को ट्यूशन पढ़ाता था. आरोप है कि उसने ट्यूशन की आड में नाबालिग को ब्लैकमेल किया और मानसिक रूप से उसे प्रताड़ित किया. इतना ही नहीं, नाबालिगा के आपत्तिजनक वीडियो, फोटो को बनाकर उसे काफी समय से ब्लैकमेल कर रहा था. इसी के चलते बालिका ने आत्महत्या कर ली थी.

इस घटना ने सियासी रंग ले लिया है. एक तरफ सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार और वर्तमान विधायक शंकर घोष धरने पर बैठे हैं, तो दूसरी तरफ टीएमसी के नेता भी आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं. पिछले दिनों दार्जिलिंग जिला तृणमूल के चेयरमैन संजय टिबरेवाल ने इस संबंध में सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा था.

चुनाव का माहौल है. कहीं यह घटना टीएमसी पर भारी न पड़ जाए, इसलिए टीएमसी पुलिस पर दबाव बना रही है. सिलीगुड़ी मेट्रो पोलिटन पुलिस आरोपी के दामन तक पहुंचने के लिए सभी तरह की तैयारी कर रही है. आरोपी के पूरे परिवार के मोबाइल नंबरों का सीडीआर खंगाला जा रहा है. इसके अलावा खुफिया विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है.

खुफिया सूत्रों और उच्च तकनीकी जांच के बाद ही पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं. पुलिस की अलग-अलग टीमें बिहार और मध्य प्रदेश में आमिर अली के पाए जाने के संभावित ठिकानों तक पहुंच चुकी है. ऐसे में यही कहा जा सकता है कि आमिर अली की गिरफ्तारी बस दो कदम दूर है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *