April 14, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

धुपगुडी सीट से भाजपा उम्मीदवार की गांधी जी पर टिप्पणी से राजनीतिक बवाल!

सोशल मीडिया पर तेजी से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के धूपगुडी सीट के उम्मीदवार नरेश चंद्र राय महात्मा गांधी को कथित तौर पर देशद्रोही बताते हैं. इस वीडियो को टीएमसी के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर देखा जा सकता है. टीएमसी ने ही इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी किया है. हालांकि यह वीडियो कितना सच है, AI का बनाया हुआ है या किसी अन्य तकनीक से, इसके बारे में अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है. खबर समय भी इस वीडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं करता है.

टीएमसी के शशि पांजा व कुणाल घोष जैसे नेताओं ने इस वीडियो को लेकर भाजपा की मानसिकता और सोच पर हमला किया है. उन्होंने एक पोस्ट में लिखा है कि भारतीय जनता पार्टी ने महात्मा गांधी पर इस तरह की भाषा का प्रयोग करके भारत की आजादी की लड़ाई की विरासत का अपमान किया है. यह वीडियो 13 अप्रैल का है. वीडियो असली है या नकली है, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है. परंतु इसे लेकर टीएमसी की राजनीति शुरू हो गई है.

टीएमसी चुनाव प्रचार में इस मुद्दे को उछाल रही है और भाजपा की मानसिकता पर हमले कर रही है. टीएमसी के नेताओं के द्वारा कहा जा रहा है कि ऐसी मानसिकता वाली पार्टी अगर सत्ता में आती है तो बंगाल का वातावरण जहरीला हो सकता है.

टीएमसी ने अपने x हैंडल पर लिखा है कि धूपगुडी से भाजपा के उम्मीदवार नरेश चंद्र राय ने महात्मा गांधी को देशद्रोही कहा है. महात्मा गांधी राष्ट्रपिता है. वह इंसान, जिन्होंने नंगे हाथों और अहिंसा से ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिला दी थी, उस नेता को एक भाजपा नेता ने अपमानित किया है.

बंगाल इसे बर्दाश्त नहीं करेगा. बंगाल महात्मा गांधी का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगा. टीएमसी की ओर से पोस्ट में लिखा गया है कि भारत की आत्मा, एकता, आजादी और सम्मान के मूल्य की रक्षा के लिए बंगाल एकजुट है. इसके लिए महात्मा गांधी जीए और मरे.

टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार कुणाल घोष ने कहा है कि इसमें हैरानी की क्या बात है. भाजपा गांधी जी का हमेशा अपमान करती है. भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो नाथूराम गोडसे की पूजा करती है.

उधर टीएमसी के चौतरफा हमले के बाद भाजपा नेता नरेश चंद्र राय ने अपनी सफाई में कहा है कि यह उनके भाषण का सिर्फ एक छोटा सा भाग है, जिसे बड़ी खूबसूरती से वायरल किया गया है. उन्होंने टीएमसी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि यह पार्टी जनता में कंफ्यूजन फैलाती है. उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के लिए उनके मन में बहुत सम्मान है.

अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व इस मुद्दे पर क्या कदम उठाता है और जनता में कंफ्यूजन को कैसे दूर करता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *