May 25, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स arrested crime good news new jalpaiguri newsupdate siliguri siliguri metropolitan police SILIGURI MUNICIPAL CORPORATION

अवैध गतिविधियों पर छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमला, ASI घायल; 5 आरोपी गिरफ्तार !

Police attacked during raid on illegal activities, ASI injured; 5 accused arrested

सिलीगुड़ी के एनजेपी थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम पर हमला होने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक एएसआई घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे एनजेपी थाना पुलिस को आईओसी के पास बीपीसीएल रोड पर कुछ लोगों के अवैध गतिविधियों में शामिल होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां 10 से 12 लोगों का एक समूह संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया।

पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि पांच लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया और उनसे पूछताछ शुरू की गई। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस के साथ बदसलूकी की और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई।

आरोप है कि इसी दौरान गोबिंद राय नामक एक युवक ने ड्यूटी पर तैनात एएसआई मुन्ना अहमद पर बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से गोबिंद राय सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आशिष शाह (मदनी बाजार), अमित राय (हाकिमपाड़ा), बाबू राय (भक्तिनगर पाइपलाइन) और बसुदेव सरकार (भक्तिनगर पाइपलाइन) शामिल हैं। सभी आरोपियों को सोमवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया।

पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *