May 26, 2026
Sevoke Road, Siliguri
Action newsupdate toto TRAFFIC POLICE TRAFFIC RULES

महावीर स्थान में ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, अवैध टोटो पार्किंग और सड़क किनारे दुकान लगाने वालों को चेतावनी !

https://khabarsamay.com/traffic-polices-special-drive-at-mahavir-sthan-warning-against-illegal-toto-parking-and-roadside-vendors/

सिलीगुड़ी: शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जलपाई मोड़ ट्रैफिक गार्ड ने मंगलवार को महावीर स्थान इलाके में विशेष अभियान चलाया। यह अभियान अवैध टोटो पार्किंग और सड़क पर दुकान लगाकर कारोबार करने वालों के खिलाफ किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने पाया कि महावीर स्थान के आसपास कई सड़कों पर टोटो अव्यवस्थित तरीके से खड़े किए गए थे, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। इसके अलावा कुछ दुकानदार सड़क के हिस्से पर कब्जा कर दुकान चला रहे थे, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टोटो चालकों और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी। पुलिस की ओर से निर्देश दिया गया कि सड़क पर दुकान न लगाई जाए और टोटो केवल निर्धारित स्थानों पर ही पार्क किए जाएं। हालांकि इस दौरान किसी पर जुर्माना नहीं लगाया गया और सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

जलपाई मोड़ ट्रैफिक गार्ड के एक अधिकारी ने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद अगर नियमों का उल्लंघन जारी रहा, तो आगे कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई का स्थानीय व्यापारियों के एक वर्ग ने स्वागत किया है। स्थानीय व्यवसायी जय प्रकाश ने कहा कि लंबे समय से अवैध पार्किंग और सड़क घेरकर व्यापार करने के कारण इलाके में रोजाना समस्या हो रही थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस की नियमित निगरानी से हालात में सुधार आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *