सिलीगुड़ी: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिलीगुड़ी थाना पुलिस और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 462 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बाइक भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भानु नगर निवासी विजय चौधरी, लक्ष्मी कॉलोनी निवासी सुजय दास तथा परेश नगर निवासी राजेश बर्मन के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि सूर्य सेन पार्क के पीछे स्थित सड़क पर एक बाइक पर सवार तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही एसओजी और सिलीगुड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को रोककर पूछताछ शुरू की।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 462 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। बरामद मादक पदार्थ की बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल बाइक को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को आरोपियों को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

