May 26, 2026
Sevoke Road, Siliguri
TMC allegations crime siliguri

महिला से दुर्व्यवहार और डराकर पैसे वसूलने का आरोप, तृणमूल नेता के बेटे को लेकर हंगामा !

https://khabarsamay.com/allegations-of-misbehaving-with-a-woman-and-extorting-money-through-threats-spark-uproar-over-trinamool-leaders-son/

सिलीगुड़ी मेडिकल कॉलेज के पास एक महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार, डराने-धमकाने और उससे 80 हजार रुपये वसूलने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के राज्य महासचिव रफीकुल इस्लाम के बेटे राज खान को लेकर इलाके में भारी तनाव फैल गया।

आरोप है कि रविवार शाम राज खान महिला के घर पहुंचा और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। बाद में स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया था, लेकिन कथित तौर पर उसे छोड़ दिया गया।

सोमवार को गुस्साए स्थानीय लोग मेडिकल मोड़ इलाके में स्थित उसके पिता के होटल पहुंच गए। लोगों का आरोप था कि आरोपी को होटल में छिपाकर रखा गया है। आरोपी की तलाश के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो उठा। उत्तेजित भीड़ ने होटल में तोड़फोड़ भी की।

घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल फांड़ी की पुलिस, बड़ी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

आरोपी के पिता रफीकुल इस्लाम ने कहा कि उनके बेटे की एक महिला से दोस्ती थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी। उनका आरोप है कि रविवार को उनके बेटे के साथ मारपीट की गई और सोमवार शाम कुछ लोग मंडल अध्यक्ष के साथ उनके होटल में घुसकर तोड़फोड़ करने लगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि होटल से 70 हजार रुपये से भरा बैग और कुछ महंगी घड़ियां गायब हो गई हैं।

वहीं शिकायत करने वाली महिला ने कहा कि उसकी आरोपी से सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी। महिला के अनुसार, रविवार को आरोपी उसके घर आया और उसका हाथ पकड़कर खींचतान करने लगा। शोर मचाने पर वह भाग गया। महिला ने आरोप लगाया कि संबंधों को लेकर डर दिखाकर आरोपी ने उससे 80 हजार रुपये भी वसूले।

महिला ने कहा, “मेरे साथ जो हुआ, उसके लिए आरोपी को सजा मिलनी चाहिए। उसे समझना चाहिए कि किसी महिला को नुकसान पहुंचाने का क्या परिणाम होता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *