बरसात का मौसम है. अक्टूबर तक बरसात का मौसम बना रहेगा. बरसात एक तरफ तो प्रकृति को हरियाली प्रदान करती है तो दूसरी तरफ अत्यधिक बरसात जान माल के नुकसान का सबब भी बन जाती है. आमतौर पर लगातार बरसात में लोगों को नाना प्रकार की चुनौतियों और संकटों का सामना करना पड़ता है. रात दिन लगातार बारिश के चलते शॉर्ट सर्किट की घटनाएं आम बात हो जाती है.
सिलीगुड़ी में पिछले दिनों सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 42 के अंतर्गत भवसिंधु कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना घटी थी. घर में शॉर्ट सर्किट के चलते करंट फैल जाने से मां और बेटे की मौत हो गई थी. जो लोग भी इसके संपर्क में आए, उन्हें कुछ ना कुछ क्षति हुई. पहले आपको इस घटना के बारे में बता दूं.
रात में लगातार हुई बारिश के चलते भवसिंधु कॉलोनी में रहने वाले प्रमिला राय और उसके पुत्र राजू राय की शार्ट सर्किट के चलते मृत्यु हो गई. दरअसल घर की दीवारों और खिड़कियों में करंट फैल गया था, जिसे सर्वप्रथम महिला ने धोखे से छू दिया और वह तत्काल ही करंट की चपेट में आ गई. मां को तड़पते देखकर बेटा मां को बचाने आया और वह भी करंट की चपेट में आ गया. इस हादसे में दोनों मां बेटे की मौके पर ही मौत हो गई.
इस हादसे में एक अन्य महिला भी घायल हुई है. वह करंट से झुलस गई है, जिसका सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. यह खबर आपके लिए एक सबक है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सतर्कता और उपाय के तौर पर भी है. सतर्कता, समझदारी, सूझबूझ से ही ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता है.
बरसात का महीना लंबा चल सकता है.ऐसे में यह खबर आपके काम की हो सकती है. सबसे पहले तो यह समझ लें कि शॉर्ट सर्किट कैसे होता है? जब विद्युत धारा अपने तय और सुरक्षित रास्ते को छोड़कर किसी गलती या खराबी के कारण बहुत कम प्रतिरोध वाले छोटे रास्ते से बहने लगती है तो अचानक अत्यधिक प्रवाह के कारण भयंकर गर्मी पैदा होती है. चिंगारी निकलती है और आग भी लग सकती है. यह शॉर्ट सर्किट होता है.
ध्यान दें कि तारों की प्लास्टिक कोटिंग इंसुलेशन के पुराने होने, कटने या चूहों के कुतरने से अंदर के तार नंगे हो जाते हैं और आपस में टकरा जाते हैं या फिर सॉकेट या स्विच बोर्ड के अंदर ढीले तार स्पार्किंग का कारण बनते हैं, जिससे इंसुलेशन पिघल सकता है. कभी-कभी किसी उपकरण की आंतरिक वायरिंग में खराबी होने से भी शॉर्ट सर्किट हो जाता है या फिर शॉर्ट सर्किट का मुख्य कारण तारों अथवा सॉकेट के पानी में संपर्क में आने से बिजली में रुकावट पैदा होती है, जिससे शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है.
ऐसे में आपको अपने घर की अथवा ऑफिस की अच्छी देखभाल की जरूरत है. हमेशा अच्छी गुणवत्ता वाले ISI मार्क वाले तारों का उपयोग करें. घर के मुख्य बोर्ड में अच्छी क्षमता वाली MCB और फ्यूज लगाएं ताकि शॉर्ट सर्किट होने पर बिजली अपने आप कट जाए. ध्यान दें कि आपके घर में पुराने या कटे-फटे तार नहीं हो. अगर आप इन सभी सावधानियों तथा उपाय का पालन करते हैं तो दर्दनाक हादसों से बच सकते हैं.
