घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शन बंद होने की बात कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देखी जा रही है. दावा किया जा रहा है कि 1 जुलाई से उपभोक्ताओं के घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शन बंद हो जाएंगे. आपको बता दें कि सरकार की तरफ से इस तरह की ना तो कोई अधिसूचना जारी की गई है और ना ही कोई अधिकृत बयान. यह सोशल मीडिया पर एक तरह से अफवाह है, जिससे बचा जाना जरूरी है. दरअसल यह जानकारी केवल सब्सिडी को लेकर है, जिसकी मियाद कल समाप्त हो रही है.
यूं तो घरेलू गैस पर मिलने वाली सब्सिडी बहुत कम होती है जो सामान्य उपभोक्ता के लिए लगभग 35 या ₹36 प्रति सिलेंडर मिलती है. जबकि गरीबों के लिए प्रधानमंत्री योजना के अंतर्गत घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर ₹200 से ज्यादा प्रति सिलेंडर सब्सिडी मिलती है. अगर आप चाहते हैं कि यह सब्सिडी आपको मिलती रहे तो आपको एक जरूरी काम करना होगा.
आपके पास मात्र एक दिन का समय बचा है. यानी 30 जून तक. उसके बाद आपको मौका नहीं मिलेगा. आपको अभी ही आधार वेरिफिकेशन कराना होगा.तभी आपके बैंक खाते में गैस की सब्सिडी जाएगी. आप सिलीगुड़ी के हो या देश के किसी भी कोने में रहते हो, आपके लिए मात्र एक दिन का समय बचा है. इसलिए देर मत कीजिए. या तो आप अपनी निकटतम एजेंसी के दफ्तर जाकर आधार वेरिफिकेशन कर सकते हैं या फिर घर बैठे अपने मोबाइल पर यह काम कर सकते हैं.
वर्तमान में पूरे भारत में 10 करोड़ से अधिक एलपीजी उपभोक्ता है. सरकार ने उन सभी के लिए आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया है. ध्यान रहे कि आप indane ,भारत गैस अथवा HP किसी के भी उपभोक्ता हो॔, आपको यह काम करा लेना चाहिए. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने अपने उपभोक्ताओं के लिए दिशा निर्देश जारी किया है. वैसे भी बायोमेट्रिक ई केवाईसी करने से आपको लाभ ही होगा.
यहां आपको किसी भी तरह की अफवाह से बचाना भी जरूरी है. अगर आप यह समझते हैं कि ई केवाईसी नहीं करते हैं तो आप एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं कर सकेंगे अथवा आप डिलीवरी से वंचित रह जाएंगे, तो ऐसी बात बिल्कुल नहीं है. आपका बुकिंग डिलीवरी पहले की तरह ही जारी रहेगा. अंतर सिर्फ इतना होगा कि आपको बुकिंग कराई गई गैस पर सब्सिडी नहीं मिलेगी.यानी आपको सिलेंडर की पूरी कीमत चुकानी होगी.
दरअसल सरकार चाहती है कि देश में फर्जी डुप्लीकेट कनेक्शन का स्थान नहीं हो. गैस डिलीवरी और बुकिंग में पारदर्शिता रखी जाए. ताकि देश में घरेलू एलपीजी गैस का संकट नहीं हो. इन दिनों ईरान संकट के कारण एलपीजी सिलेंडर की देश में किल्लत हो रही है. कमर्शियल सिलेंडर के रेट में भारी वृद्धि हुई है. जबकि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में भी बढ़ोतरी हुई है. होटल, रेस्टोरेंट, आदि के लिए कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहा है तो घरेलू सिलेंडरों के जरिए ही वहां काम चलाया जा रहा है. फर्जी कनेक्शन हटाने से सरकार को गैस की बचत होगी.
हालांकि यह भी चर्चा है कि अगर 30 जून तक आपने आधार आधारित ई केवाईसी सत्यापन नहीं कराया तो एलपीजी गैस कनेक्शन भी रद्द की जा सकती है. हालांकि आधिकारिक रूप से इस तरह की कोई जानकारी नहीं दी गई है. केवल यह बताया गया है कि यह काम नहीं करने से आपके खाते में एलपीजी गैस सब्सिडी बंद हो जाएगी. यह सब्सिडी डीबीटी के जरिए खाते में ट्रांसफर की जाती है. अगर आप घर बैठे ई केवाईसी करना चाहते हैं तो इसके लिए सबसे पहले अपने मोबाइल के गूगल प्ले स्टोर से अपनी कंपनी का ऑफिशियल ऐप डाउनलोड कर ले.
इसके साथ ही आपको यूआइडीएआइ का आधार face आरडी डाउनलोड करने की जरूरत है. इसके बाद अपने गैस कनेक्शन से संबंधित पंजीकृत मोबाइल नंबर से आगे की प्रक्रिया शुरू करें. मुख्य प्रोफाइल सेक्शन में जाकर रि eकेवाईसी अथवा लिंक आधार के ऑप्शन पर क्लिक करें. इसके बाद मोबाइल के फ्रंट कैमरे से आधार फेस RD की मदद से आपका चेहरा स्कैन हो जाएगा. इसके बाद आपके आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा.उसे दर्ज करें. इस तरह से आपकी ई केवाईसी सबमिट हो जाएगी.

