July 2, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सावधान! सिलीगुड़ी की सड़कों पर दौड़ रहे ई रिक्शा का कंट्रोल ‘यमराज’ के हाथ में!

अगर आप ई-रिक्शा पर बैठने जा रहे हैं तो सावधान हो जाइए! यह मौत का सबब भी बन सकता है. यह दुर्घटना का कारण भी बन सकता है. क्योंकि गाड़ी तो चालक चला रहा होता है लेकिन गाड़ी का कंट्रोल चालक के हाथ में नहीं होता! कोई तीसरा व्यक्ति होता है जो दूर बैठे अपने हाथ के मोबाइल से कहीं भी किसी भी जगह ई रिक्शा को कंट्रोल कर सकता है. सिलीगुड़ी में कुछ घटनाएं इस तरह की घटी हैं, जहां जान माल को नुकसान होते होते बचा.

सिलीगुड़ी के वर्धमान रोड पर एक ई रिक्शा तेजी से जा रहा था. अचानक ही ई-रिक्शा बीच सड़क पर रुक गया. पीछे से कई वाहन रफ्तार में आ रहे थे. ई-रिक्शा को टक्कर लगते लगते बची. अगर पीछे से आ रहे वाहन चालकों ने ब्रेक नहीं लगाया होता तो निश्चित रूप से ई-रिक्शा का हुलिया बिगड़ सकता था. इस स्थिति में कोई भी अनहोनी हो सकती थी.

जब अचानक ही ई रिक्शा रुका तो चालक को भी समझ में नहीं आया कि अचानक बिना ब्रेक लगाए ई-रिक्शा कैसे रुक गया. फिर उसे लगा कि जरूर कोई यांत्रिक गड़बड़ी हुई होगी. लेकिन ऐसा भी कुछ नहीं था.उधर बीच सड़क पर अचानक ही ई रिक्शा रोक देने से चालक को पीछे से आ रहे वाहन चालकों की नाराजगी और उनके गुस्से को भी झेलना पड़ा.

जबकि सच्चाई या थी कि ई रिक्शा चालक निर्दोष था. अगर चालक को ई-रिक्शा रोकना होता तो वह सड़क के किनारे गाड़ी को साइड करके रोकता. दरअसल यह एक परीक्षण किया जा रहा था कि किस तरह से BAT BMS app किसी भी ई रिक्शा को कहीं भी कंट्रोल कर सकता है. अगर कोई व्यक्ति इसका दुरुपयोग करता है या जानबूझकर बदमाशी करता है तो वह न केवल अपने app के जरिए सड़क दुर्घटनाओं को न्यौता दे सकता है, बल्कि ट्रैफिक जाम को भी बढ़ा सकता है.

आजकल सोशल मीडिया पर इस ऐप के खतरनाक प्रयोग के बारे में दावे किए जा रहे हैं. सिलीगुड़ी के जलपाई मोड पर इसका नमूना भी देख लिया गया और चालक ने भी माना कि यह ऐप कितना खतरनाक है. इससे सड़क दुर्घटनाओं के रूप में न केवल जान माल का संभावित नुकसान उठाना पड़ सकता है बल्कि ट्रैफिक को बढ़ाने में भी इसकी प्रमुख भूमिका हो सकती है. सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर इन दिनों BAT BMS app के दुरुपयोग के संभावित नुकसान दिखाए जा रहे हैं. इस ऐप के माध्यम से सड़क पर दौड़ते ई रिक्शा को अचानक रोका जा सकता है.

सिलीगुड़ी में कई ई रिक्शा चालकों ने बताया है कि उनकी गाड़ी चलते चलते अचानक ही सड़क पर रुक जाती है.जबकि वे ब्रेक भी नहीं लगाते हैं. लोग समझते हैं कि ई रिक्शा चालक ने जानबूझकर बदमाशी की है. कई बार लोगों की फटकार भी मिलती है. जबकि सच्चाई यह है कि उन्हें कुछ पता ही नहीं होता. सिलीगुड़ी के राम, बलराम, विकास, शंभू आदि कुछ ई रिक्शा चालकों ने इस तरह के अनुभव बताए हैं जो काफी खतरनाक है.

यानी कि सिलीगुड़ी में भी इस मोबाइल ऐप के जरिए खतरनाक खेल खेला जा रहा है आप आसानी से समझ सकते हैं कि यह मोबाइल ऐप कितना खतरनाक है. सोशल मीडिया पर चल रहे एक वीडियो में इस ऐप के दुष्प्रभाव दिखाए गए हैं. हालांकि यह तभी संभव हो सकता है, जब सिस्टम में इसे समायोजित किया जाए. जैसे ब्लूटूथ के जरिए ई रिक्शा की बैटरी के बीएमसी बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम को यह लॉक करने में कामयाब है. इसी सिस्टम के जरिए अचानक ही ई रिक्शा रुक जाता है.

अगर इसमें सच्चाई है तो यह किसी भी गाड़ी को कहीं भी कंट्रोल कर सकता है. जरा कल्पना करिए कि ड्राइवर गाड़ी चला रहा है और उसका रिमोट कंट्रोल दूर बैठे किसी आदमी के हाथ में हो, तब क्या होगा! हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की पड़ताल जारी है. परंतु इस तरह का app इजाद होने से भविष्य के लिए कितना खतरनाक हो सकता है, इसकी आसानी से कल्पना की जा सकती है.

सिलीगुड़ी पुलिस प्रशासन और संबंधित इकाइयों को इस दिशा में सच्चाई का पता लगाने की जरूरत है. अगर सिलीगुड़ी के कुछ ई-रिक्शा चालक इस तरह का अनुभव बता रहे हो तो इसमें कुछ ना कुछ सच्चाई भी हो सकती है बहरहाल ऐसे मामलों में ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए. अन्यथा न केवल चालक बल्कि यात्री और ट्रैफिक के सभी पक्षों का संभावित नुकसान निश्चित है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *