July 7, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

एक और हत्या से दहला बारूईपुर! क्यों हुई फुटबॉल खिलाड़ी की हत्या?

दक्षिण 24 परगना जिले के अंतर्गत बारूईपुर की घटना सुर्खियों में है. यहां एक पर एक हुई कई घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. आज यहां एक और फुटबॉल खिलाड़ी की सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी गई. हालांकि इस घटना का मासूम बच्ची की घटना के साथ कोई संबंध नहीं है. लेकिन फुटबॉल खिलाड़ी की हत्या के बाद बारूईपुर सब डिविजनल अस्पताल में भारी तनाव फैल गया है. मृतक का नाम प्रसनजीत विश्वास है. उसकी हत्या में तीन युवक शामिल थे. यह घटना पालपारा में बैंक के पास हुई है.

इस घटना ने आग में घी का काम किया है. इससे पहले 11 साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना के मद्देनजर पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है. सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता बारूईपुर का दौरा कर रहे हैं. इस पर खूब राजनीति की जा रही है.पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कैंडल मार्च हो या पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता रीतव्रत बनर्जी, चंद्रिमा भट्टाचार्य, सायोनी घोष, सांसद ,विधायक, सत्ता पक्ष के नेता, मंत्री, विधायक सब पहुंच रहे हैं. घटना कम लेकिन राजनीति ज्यादा हो रही है.

सायोनी घोष का यह संसदीय क्षेत्र है. इसलिए उन्हें यहां के लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा. लोगों ने उनका विरोध किया. उनकी शिकायत थी कि सायोनी घोष को घटना के तुरंत बाद आना चाहिए. वह अब तक कहां थी? उन्होंने सायोनी वापस जाओ के नारे भी लगाए. सायोनी ने कहा कि उनका विरोध एक साजिश के तहत हुआ है. इस घटना की राजनीति तो चल ही रही है. इसी बीच एक फुटबॉल खिलाड़ी की हत्या कर देने से पूरा बारूईपुर इलाका गरमाया हुआ है.

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि लगभग तीन दिन पहले फुटबॉल खिलाड़ी प्रोसेनजीत की टीम ने एक फुटबॉल मैच जीता था. इस जीत के बाद दो गुटों के बीच भारी बहस हो गई थी, जिससे तनाव फैल गया था. चर्चा है कि उसका बदला लेने के उद्देश्य से ही प्रोसेनजीत और उसके दोस्त को एक स्थान पर बुलाया गया था. जब दोनों स्थान पर पहुंचे तो कुछ लोगों ने धारदार हथियार से प्रोसेनजीत पर हमला कर दिया. उसकी गर्दन पर चाकू से वार किए गए. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

स्थानीय लोगों ने घायल प्रसनजीत को गंभीर हालत में सब डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया. इस घटना से उत्तेजित होकर लोगों ने पुलिस कैंप में तोड़फोड़ की है. जहां प्रोसेनजीत रहता था, वहां के उसके प्रशंसक और अन्य लोगों ने अस्पताल में हंगामा किया. सड़क जाम कर दिया. पुलिस ने आनन फानन में कार्रवाई करते हुए इस मामले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा है. पुलिस इस मामले की तफ्तीश में जुट गई है.

बारूईपुर में बालिका की लाश बरामद होने के दिन एक युवक की पीट पीट कर हत्या और उसके बाद फुटबॉल खिलाड़ी की हत्या के बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है. कल से यहां नेताओं का आना-जाना लगा हुआ है. स्थानीय प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए जल्द ही कुछ ठोस कार्रवाई करने जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *