July 17, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

उत्तर बंगाल की राजनीति की धुरी बनते जा रहे राजू बिष्ट के बढ़ते कदम!

दार्जिलिंग पहाड़ की समस्या हो या समतल की, राजनीतिक संगठनों का मसला हो, या चाय बागान के मजदूरों और श्रमिकों को उनका हक दिलाने का मामला हो, प्रशासनिक पारदर्शिता से लेकर परिवर्तन तक उत्तर बंगाल के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में एक नाम राजू विष्ट इन दिनों सुर्खियों में है. ये वे भाजपा नेता हैं, जो पूर्ववर्ती टीएमसी सरकार में अपनी बात डंके की चोट पर कहते थे और आज डबल इंजन की सरकार में गुंडों, भ्रष्टाचारियों और अपराधियों पर कहर बनकर बरस रहे हैं. आजकल उनके बयान चर्चा में रहते हैं.

उत्तर बंगाल में जय गांव से लेकर चोपड़ा, इस्लामपुर और यहां तक कि मालदा तक समस्या समाधान और परिवर्तन की धुरी बन गए हैं राजू बिष्ट. एक तरफ उन्होंने बंगाल में अपनी सरकार की पारदर्शी नीति, शासन में समानता, न्याय, अनुशासन और जनता के मुद्दे पर अपनी स्पष्ट दमदार आवाज की उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं तो दूसरी तरफ उन्होंने टीएमसी से लेकर अपनी पार्टी के दागी नेताओं को भी नसीहत दे दी है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ना तो किसी की रंगदारी चलेगी और ना ही गुंडागर्दी. यहां तो सिर्फ जनता का शासन चलेगा.

उत्तर बंगाल की राजनीति को प्रभावित करने का दमखम दिखाने वाले राजू बिष्ट न केवल दार्जिलिंग लोकसभा क्षेत्र के सांसद ही हैं बल्कि वे भाजपा के ऐसे कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने बंगाल में सत्ता परिवर्तन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए उत्तर बंगाल के विकास की एक व्यापक योजना तैयार की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सिपाही बनकर उत्तर बंगाल के पहाड़ और समतल में प्रधानमंत्री की परिकल्पना को मूर्त रूप देने का जैसे उन्होंने बीड़ा उठा लिया है.

प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क परियोजना, शुद्ध पेयजल परियोजना, बंगाल सरकार की सभी जनप्रिय योजनाओं, महिला सशक्तिकरण अन्नपूर्णा भंडार, छात्र कल्याण, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, चाय बागान से लेकर पहाड़ में स्थाई राजनीतिक समाधान तक,उत्तर बंगाल में विकास को सभी क्षेत्रों में पहुंचाने के लिए समर्पित एक चेहरा राजू विष्ट का नजर आता है. उत्तर बंगाल में विकास और नवनिर्माण को लेकर राजू विष्ट आए दिन किसी न किसी राजनीतिक या प्रशासनिक मंच पर जरूर नजर आते हैं.

उत्तर बंगाल में भाजपा नेताओं में सबसे ज्यादा लोकप्रिय राजू विष्ट पार्टी के नेताओं के बीच एकता और समरूपता के भाव से काम कर रहे हैं. भले ही वे मंत्री नहीं है लेकिन उन्होंने अपनी कार्य शैली से सीधे प्रशासनिक क्षेत्रों में भी अपनी पैठ बनाना शुरू कर दिया है. सिलीगुड़ी नगर निगम इलाके में विकास, भ्रष्टाचार मुक्त शासन, अपराध मुक्त सिलीगुड़ी के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक, ट्रैफिक, रोजगार और विविध क्षेत्रों में राजू बिष्ट ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है. ये पहले ऐसे नेता हैं, जिन्होंने जीटीए में संभावित भ्रष्टाचार को उजागर करने की पहल की तो दूसरी तरफ राज्य और केंद्र की परियोजनाओं को जनता से सीधे जोड़ने की अपनी सरकार की रणनीति को भी स्पष्ट कर दिया है.

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद राजू बिष्ट काफी व्यस्त हो गए हैं. हालांकि वे पहले से ही एक सांसद के रूप में पहाड़ और समतल की समस्याओं और उनके समाधान की दिशा में काम करते रहे हैं. लेकिन राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद उनकी व्यस्तता काफी बढ़ गई है. समतल हो या पहाड़, संबंधित शासनाधिकारियों की क्लास लेने के साथ-साथ केंद्रीय अथवा राज्य सरकार की योजनाओं का सुचारू रूप से कार्यान्वयन भली भांति कैसे हो सके, इसके लिए इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों के साथ उनकी बैठकें आए दिन हो रही है.

पिछले दिनों प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दार्जिलिंग लोकसभा क्षेत्र में निर्मित सड़कों की गुणवत्ता जांच में बड़ी संख्या में परियोजनाओं के मानकों पर खरा नहीं उतरने का दावा करते हुए भाजपा सांसद ने टीएमसी सरकार पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे. उनके अनुरोध पर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय ग्रामीण और अवसंरचना विकास एजेंसी द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता मॉनिटरों से 130 पीएमजीएसवाई सड़क योजनाओं का निरीक्षण कराया गया. इसके जरिए राजू बिष्ट ने एक संदेश दिया है कि उनकी सरकार गुणवत्ता के मामले में कोई समझौता नहीं करेगी.

आज एक बार फिर उन्होंने कालिमपोंग जिले में दिशा की अध्यक्षता करते हुए कालिमपोंग जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. वस्तुत: दिशा डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोऑर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी है. यह कमेटी राज्य और केंद्र सरकार की सभी परियोजनाओं, उनका कार्यान्वयन तथा मॉनिटरिंग आदि प्रोजेक्ट की दिशा में एक सेतु का काम करती है. समतल हो या पहाड़, शिक्षा, रोजगार, हर घर जल के क्षेत्र में जनता को सीधे लाभ मिल सके, इसके लिए राजू बिष्ट लगातार प्रयत्नशील है.

राजू बिष्ट बताते भी हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री सुबेंदु अधिकारी यानी डबल इंजन सरकार की सभी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है. उनकी सरकार जनता के लिए है और जनता तक सरकार की सभी सुविधाएं पहुंचे, इसके लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं. आज की बैठक में कालिमपोंग के विधायक भरत छेत्री, कालिमपोंग डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट, एडीएम,जीटीए सेक्रेटरी, सीएमओएच, एसडीओ कालिमपोंग, बीडीओ,एनएचईडीसीएल, पीएमजीएसवाई एग्जीक्यूटिव इंजीनियर तथा सभी दूसरे विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

उनकी कार्यशैली, व्यस्तता और शासन प्रशासन में बढ़ती दिलचस्पी और भाग दौड़ को देखते हुए जानकार मानते हैं कि आने वाले समय में राजू बिष्ट उत्तर बंगाल में विकास और विनिर्माण को लेकर एक मजबूत चेहरा होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *