August 1, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

SMC के वार्डों की संख्या बढ़ेगी! शिवमंदिर नगर पालिका बनने के बाद ही चुनाव होगा!

सिलीगुड़ी नगर निगम के अंतर्गत वर्तमान में 47 वार्ड हैं. लेकिन आने वाले समय में वार्डों की संख्या बढ़ाकर 60 की जा सकती है. और ऐसा भी नहीं है कि इसके लिए काफी समय लिया जाएगा. बल्कि सूत्र तो बता रहे हैं कि सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव से पहले ही वार्डों की संख्या बढ़ा दी जाएगी और यह 47 से बढ़कर 60 हो सकती है.

सिलीगुड़ी नगर निगम का चुनाव निर्धारित समय से पहले हो सकता है. जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है और इसके लिए समितियों का गठन करना शुरू किया है, उससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि सिलीगुड़ी नगर निगम समेत कई नगरपालिकाओं के चुनाव तय समय से बहुत पहले करा लिये जाएंगे. भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के मद्देनज़र अपनी संगठनात्मक तैयारी तेज कर दी है.

सूत्रों ने बताया कि सिलीगुड़ी नगर निगम में वार्डों की संख्या तो बढ़ाई जाएगी ही,इसके साथ ही सिलीगुड़ी के आसपास के कुछ क्षेत्रों को भी सिलीगुड़ी नगर निगम के अंतर्गत रखा जा सकता है. परिसीमन का काम लगभग पूरा हो गया है. उदाहरण के लिए फुलबारी, डाबग्राम, कावाखाली और आसपास के कई इलाके, उत्तरी क्षेत्र, चंपासारी और उसके आसपास के इलाके आदि या तो नगर निगम में या फिर शिव मंदिर नगरपालिका के अंतर्गत लाए जा सकते हैं.

सूत्रों ने बताया कि सरकार बेहतर शासन प्रबंधन और जनता को सरकारी योजनाओं का संपूर्ण लाभ मिल सके, इसके लिए एक रणनीति बनाई है. क्योंकि पंचायत के बहुत से अधिकार छीन लिए गए हैं, ऐसे में पंचायत इलाके में रहने वाले लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए सरकार की योजना है कि इन क्षेत्रों को नगर पालिका या नगर निगम के अंतर्गत अंतरभुक्त किया जा सके. इसके लिए ब्लूप्रिंट भी तैयार कर लिया गया है और परिसीमन का कार्य भी अंतिम चरण में है.

पिछले कई वर्षों में सिलीगुड़ी की आबादी बढ़ने के साथ-साथ लोगों के रहने के मकान और बस्तियों का भी निर्माण हुआ है. पहले जो क्षेत्र उजाड़ लग रहे थे, अब वहां बस्तियां बस गई हैं. सड़कों का भी निर्माण हुआ है. कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां इन बस्तियों को पुराने वार्डों में ही रखा गया है. जबकि इन बस्तियों के विकास और त्वरित समाधान के लिए एक नए वार्ड के अंतर्गत अंतरभुक्त करने की आवश्यकता काफी समय से महसूस की जा रही है.

देखा जाए तो वार्ड नंबर 1,5,28 ,42 और 46 के अलावा कई ऐसे वार्ड हैं जिसके अंतर्गत कुछ नई बस्तियां और कॉलोनिया जुड़ गई हैं. इन नई बस्तियों और कॉलोनियों को पुराने वार्डों में ही रखा गया है. लेकिन यहां के लोगों को बिजली पानी से लेकर अन्य तरह की प्रशासन से सुविधा नहीं मिल रही है. अगर सिलीगुड़ी नगर निगम के अंतर्गत वार्डों की संख्या बढ़ाई जाती है तो उपरोक्त wards में से कई नए वार्ड भी बनाए जाएंगे.

सूत्रों ने बताया कि शिव मंदिर नगर पालिका का शीघ्र ही गठन होगा. वर्तमान में शिव मंदिर माटीगाड़ा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता है. हालांकि शिव मंदिर वर्तमान में तेजी से विकसित एक टाउनशिप बन गया है, जो क्षेत्रफल में भी काफी बड़ा है. शिव मंदिर को नगरपालिका बनाने का प्रस्ताव काफी पहले से ही है. अब सूत्र बता रहे हैं कि जब सिलीगुड़ी नगर निगम और नगर पालिकाओं का चुनाव होगा तो शिव मंदिर को नगर पालिका बनाकर ही इसके तहत चुनाव कराए जाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *