दार्जिलिंग में गोर्खा जनमुक्ति मोर्चा यानी GJM अपने 20वें स्थापना दिवस को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी में जुट गया है। आगामी 7 अक्टूबर को सिंगमारी स्थित नॉर्थ प्वाइंट स्कूल के मैदान में स्थापना दिवस के मौके पर विशेष कार्यक्रम और बड़ी सभा का आयोजन किया जाएगा। पार्टी अध्यक्ष बिमल गुरुंग ने बताया कि इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग यानी पी.एस. गोले को आमंत्रित किया गया है। विभिन्न रिपोर्टों के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी की कार्यक्रम में मौजूदगी पहले ही सुनिश्चित हो चुकी है। समारोह के दौरान बिमल गुरुंग आमंत्रित नेताओं को खादा पहनाकर सम्मानित करेंगे।
स्थापना दिवस को लेकर मोर्चा नेतृत्व ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और पार्टी के कार्यकर्ता व समर्थक भी कार्यक्रम को लेकर उत्साहित हैं। बिमल गुरुंग ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सहयोग के लिए आभार जताते हुए 7 अक्टूबर के कार्यक्रम को लेकर उत्साह जाहिर किया है। गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2007 को सिंगमारी में बिमल गुरुंग के नेतृत्व में गोर्खा जनमुक्ति मोर्चा की स्थापना हुई थी। ऐसे में पार्टी अपनी स्थापना के 20 वर्ष पूरे होने के मौके पर पहाड़ में बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है।
वहीं, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दार्जिलिंग दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला प्रशासन के स्तर पर सड़कों की सफाई और रंग-रोगन के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। ऐसे में GJM के स्थापना दिवस समारोह और मुख्यमंत्री के दार्जिलिंग दौरे को लेकर पहाड़ की राजनीतिक गतिविधियां एक बार फिर तेज होती नजर आ रही हैं।

