August 24, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स HILLS rain siliguri weather

आज से सिलीगुड़ी से लेकर पहाड़ तक भारी बारिश के आसार!

Heavy rain expected from Siliguri to the hills from today!

पिछली दो-तीन दिनों से सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में गर्मी और उमस के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. यह इस बात का प्रमाण है कि हवा में नमी बढ़ गई है. और जब हवा में नमी बढ़ जाती है तो बारिश के साथ ही तूफान की संभावना अत्यधिक हो जाती है.

इंसान तो इंसान, जानवर-पक्षी भी तेज धूप, गर्मी और उमस के चलते छांव की तलाश में भाग रहे हैं. पक्षियों के लिए पानी के रखे बर्तनों में पानी खौल रहा है. पक्षी प्यासे हैं. पानी की तलाश में नदी और पोखरों की ओर उनका तांता देखा जा सकता है. सिलीगुड़ी में दो दिनों की भीषण गर्मी ने लोगों की जैसे जान निकाल दी है.

क्या यह गर्मी, तेज धूप और उमस आगे भी जारी रहेगी? तो इस सवाल का जवाब मौसम विभाग ने दे दिया है. सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल, पहाड़ और दक्षिण बंगाल के लोगों के लिए राहत की खबर है. अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में तो आज से ही बारिश शुरू हो जाएगी. जबकि उत्तर बंगाल के लोगों को कल से राहत मिलने लगेगी.

सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल में आज शाम से बारिश के साथ ही आंधी-तूफान शुरू हो जाएगा, जो धीरे-धीरे काफी रफ्तार पकड़ सकता है. मंगलवार से यहां भारी बारिश के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है. दार्जिलिंग, कालिमपोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है. यहां सोमवार से जारी बारिश गुरुवार तक रह सकती है. हालांकि कुछ इलाकों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश की भी भविष्यवाणी की गई है.

जब बारिश और तूफान हो तो बिजली कैसे नहीं गिरेगी! मौसम विभाग ने गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना व्यक्त की है. इसके साथ ही 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान लगाया गया है. पहाड़ में भारी बारिश हो सकती है. दार्जिलिंग के साथ-साथ समतल के क्षेत्र में भी बारिश होगी. उदाहरण के लिए जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही यहां हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है.

उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर जिले में कुछ क्षेत्रों में गरज और बिजली गिरने की अधिक संभावना व्यक्त की गई है. यह बारिश दक्षिणी बंगाल में भी होगी. अलीपुर मौसम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रविवार से यहां कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण बंगाल के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण बंगल के लगभग सभी जिलों में बारिश हो सकती है. लेकिन यह बारिश सभी जगह समान नहीं होगी. कहीं हल्की हो सकती है, तो कहीं भारी बारिश. कहीं गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. तो एक दो जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान भी आ सकता है. मौसम विभाग ने तूफान आने का येलो अलर्ट जारी किया है.

अलीपुर मौसम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. जबकि बाकी जिलों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश, गरज के साथ तूफान और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. हालांकि गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है.

सोमवार को पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है. दक्षिण 24 परगना ,पूर्वी मिदनापुर ,पश्चिम मिदनापुर और झाड़ग्राम जिलों में भारी बरसात होगी. इसके साथ ही दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश के साथ गरज चमक और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

गुरुवार के बाद मौसम साफ हो जाएगा और एक बार फिर से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *