लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा क्षेत्र में व्यापक जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। माटीगाड़ा के खापराइल मोड़ संलग्न इलाके सहित कई आवासीय क्षेत्रों, सड़कों और घरों में पानी भर जाने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कई स्थानों पर दैनिक गतिविधियां भी बाधित हो गई हैं।
बारिश का असर माटीगाड़ा ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्र पर भी देखने को मिला, जहां परिसर और भवन के भीतर तक पानी भर जाने से मरीजों, उनके परिजनों तथा स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष पहली बार स्वास्थ्य केंद्र में इतना अधिक जलभराव हुआ है।
आशा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि स्वास्थ्य केंद्र में समुचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण मामूली बारिश के बाद भी लंबे समय तक पानी जमा रहता है। उनका कहना है कि निकासी व्यवस्था की कमी के चलते स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और मरीजों के साथ-साथ कर्मचारियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य के परिवहन राज्यमंत्री तथा माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी के विधायक आनंदमय बर्मन मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों और ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया, स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा पूरे मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था करने तथा भविष्य में इस प्रकार की समस्या से बचाव के लिए स्थायी ड्रेनेज अवसंरचना विकसित करने की मांग की है।

