June 4, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स calcutta highcourt chief minister mamata banerjee newsupdate siliguri WEST BENGAL westbengal

अब ममता बनर्जी पर सिलीगुड़ी में दर्ज हुआ देशद्रोह का मामला!क्या होगी उनकी गिरफ्तारी?

https://khabarsamay.com/now-a-sedition-case-has-been-filed-against-mamata-banerjee-in-siliguri-will-she-be-arrested/

कुछ ही दिनों पहले बंगाल के दिल पर राज करने वाली ममता बनर्जी सत्ता से बाहर होते ही विवादों और पार्टी में टूट के सदमे का सामना कर रही है. उनकी मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है. पहले तो ममता बनर्जी के अपने ही लोगों ने उनका साथ छोड़ दिया. अब उनके खिलाफ विभिन्न तरह के मुकदमे दर्ज करने की मुहिम शुरू हो गई है.

सत्ता ऐसी चीज होती है कि एक समय ममता बनर्जी के इशारे पर बंगाल पुलिस कार्रवाई करती थी. आज वक्त बदलते ही वही बंगाल पुलिस उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करने लगी है. सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में ममता बनर्जी के खिलाफ देशद्रोह की शिकायत दर्ज कराई गई है. ऐसे मामलों में आमतौर पर आरोपी को पुलिस गिरफ्तार करती है.

पर क्या ममता बनर्जी गिरफ्तार होंगी? वकील रिंकी सिंह चटर्जी ने ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करवाया है. एडवोकेट रिंकी सिंह चटर्जी ने ममता बनर्जी की अविलंब गिरफ्तारी के लिए आगामी 8 जून को कोलकाता हाई कोर्ट में याचिका दायर करने का दावा किया है.

सत्ता से बाहर होते ही ममता बनर्जी पर यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में उनके खिलाफ चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण देने की शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है. शिकायत दर्ज कराने वाले एडवोकेट रिंकी सिंह चटर्जी ही है. अब उन्होंने उनके खिलाफ दूसरी बार देशद्रोह की शिकायत दर्ज कराई है.

ममता बनर्जी के खिलाफ क्या है ताजा मामला, जिसमें उनके खिलाफ पुलिस ने देशद्रोह का मामला दर्ज किया है? दरअसल 2 जून को ममता बनर्जी कोलकाता में रानी रश्मोनी रोड पर विरोध प्रदर्शन कर रही थी. इसी दौरान उन्होंने बांग्लादेशी नागरिक उस्मान हादी की हत्या को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाया था. उन्होंने दावा किया था कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर बांग्लादेश में संगठित तरीके से उस्मान हादी हत्याकांड को अंजाम दिया गया है.

एडवोकेट रिंकी सिंह चटर्जी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि उनके ऐसे बयान की सच्चाई क्या है? अगर यह सच नहीं है तो वह झूठे आरोप लगाकर भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव क्यों बढ़ा रही है? उन्होंने कहा है कि क्या उनके इस बयान से वैश्विक स्तर पर भारत की छवि खराब नहीं हो रही है? क्या उनके इस बयान से बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा खतरे में नहीं पड़ गई है?

रिंकी सिंह चटर्जी ने कानून और संविधान की बात कहते हुए अपना पक्ष रखा है कि कोई भी जिम्मेदार शासक अपना पदभार ग्रहण करते हुए देश की गोपनीयता बनाए रखने की शपथ लेता है.लेकिन ममता बनर्जी ने ना तो पद पर रहते हुए देश की गोपनीयता का ख्याल रखा और ना ही सत्ता से बाहर जाते भी उन्होंने इस जिम्मेदारी का पालन किया है. रिंकी सिंह चटर्जी ने दावा किया है कि ममता बनर्जी कट्टरपंथी ताकतों को भड़काने का काम कर रही है.

एडवोकेट रिंकी चटर्जी की दलील व लिखित शिकायत के बाद सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने ने ममता बनर्जी के खिलाफ देशद्रोह की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब उनकी गिरफ्तारी के लिए वह कोलकाता हाई कोर्ट जाने वाले हैं. ममता बनर्जी के खिलाफ 10 दिनों मे यह दूसरा बड़ा मामला है.

अब देखना होगा कि क्या पुलिस देशद्रोह के मामले में ममता बनर्जी को गिरफ्तार करती है या नहीं? परंतु एक बात साफ है कि ममता बनर्जी वक्त की शिकार हो गई है. उनका बुरा समय चल रहा है. सत्ता जाते ही जिस तरह की राजनीतिक परिस्थितियां बन गई है, उसे देखते हुए यही कहा जा सकता है कि वक्त सबसे बड़ा बलवान होता है. राज्य में तो ममता बनर्जी की पार्टी टूटी ही है.अब तृणमूल कांग्रेस के सांसदों में भी टूट का खतरा बढ़ गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *