June 3, 2026
Sevoke Road, Siliguri
Raju Bista bjp darjeeling good news gta kalimpong kurseong newsupdate

दार्जिलिंग में जिला प्रशासन और GTA की समीक्षा बैठक, स्थायी राजनीतिक समाधान की दिशा में जल्द शुरू होगी वार्ता: Raju Bista !

https://khabarsamay.com/review-meeting-of-district-administration-and-gta-in-darjeeling-talks-will-start-soon-towards-a-permanent-political-solution-raju-bista/

दार्जिलिंग, 3 जून: दार्जिलिंग के सांसद Raju Bista ने बुधवार को जिला प्रशासन और GTA की एक व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जीटीए के प्रधान सचिव, दार्जिलिंग विधायक नोमान राय, कालिम्पोंग विधायक भरत छेत्री, कर्सियांग विधायक सोनम लामा, दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित जीटीए और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के बाद राजू बिस्ता ने बताया कि पश्चिम बंगाल सरकार जल्द ही केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त वार्ताकार (इंटरलोक्यूटर) के साथ संवाद प्रक्रिया शुरू करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से स्थायी राजनीतिक समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

उन्होंने कहा कि जब तक स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक जीटीए को पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता के साथ पहाड़ के लोगों की सेवा करनी होगी। जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्णय जनता के हित में लिए जाएंगे।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पुनर्वास, पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य क्षेत्र में डॉक्टरों और नर्सों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने, आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने तथा मेडिकल कॉलेज की स्थापना की संभावनाओं का अध्ययन करने का निर्णय लिया गया।

शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बहाली, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और शिक्षकों की नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं की जांच पर जोर दिया गया। वहीं, तीस्ता बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी द्वारा 90 नए मकानों के निर्माण को मंजूरी दिए जाने के बाद उनके लिए भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है।

बैठक में मानसून से पहले आपदा प्रबंधन की तैयारियों, बंद पड़े चाय बागानों और सिनकोना बागानों के पुनर्जीवन, सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे के विकास पर भी चर्चा हुई। दार्जिलिंग में यातायात दबाव कम करने के लिए वैकल्पिक हाईवे, सर्कुलर रोड और रोपवे परियोजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इसके अलावा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र लाभार्थियों तक बिना किसी देरी और बिचौलियों के योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। पर्यटन क्षेत्र में सुधार, पर्यटन को बढ़ावा देने, नगर निकाय सुधार, दार्जिलिंग हिल यूनिवर्सिटी के पुनरुद्धार, आईसीडीएस और आशा कार्यकर्ताओं के लिए बेहतर सुविधाएं तथा लंबित देनदारियों के पारदर्शी निपटारे पर भी चर्चा की गई।

राजू बिस्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, उगाही और अनियमितताओं के प्रति शून्य-सहनशीलता की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि विकास, सुशासन और जनसेवा को पहाड़ के हर कोने तक पहुंचाने के लिए जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *