June 26, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स crime cyber fraud newsupdate sad news siliguri siliguri metropolitan police

सिलीगुड़ी में एक चोर ऐसा भी! ऑनलाइन वाहन बेचने से पहले यह खबर आपके लिए!

There's a thief like this in Siliguri! This news is for you before selling your vehicle online.

क्या आप अपनी पुरानी या नई बाइक या कोई भी वाहन बेचना चाहते हैं? क्या आप चाहते हैं कि घर बैठे गाड़ी का ग्राहक आ जाए? क्या आप चाहते हैं कि ऑनलाइन आपका सौदा हो जाए तो यह खबर आपके लिए लाभदायक हो सकती है.

आज इंटरनेट की दुनिया में सब कुछ सहज हो गया है. इंटरनेट ने एक तरफ लोगों का काम आसान कर दिया है तो दूसरी तरफ चोरों के लिए भी चोरी करने के नए-नए तरीके इजाद कर दिए हैं. जब आप ऑनलाइन अपने वाहन की बिक्री करना चाहते हैं तो सतर्कता जरूरी है. अन्यथा आप अपनी गाड़ी से भी हाथ धो सकते हैं.

सिलीगुड़ी में चोरों का एक गैंग सक्रिय हो गया है. यह गैंग बिना किसी हथियार के आपकी गाड़ी उड़ा ले जा सकता है. यह गैंग इतना शातिर है कि आंखों का काजल भी चुरा सकता है और आपको पता भी ना चले. मीठी आवाज, प्रभावित करने की लचकदार कला और आत्मीय संबंध आपके साथ कब स्थापित कर दे, आपको कुछ पता ही नहीं चलेगा और जब पता चलेगा तब तक आपका वाहन या संपत्ति गायब हो चुकी होगी. सिलीगुड़ी में इस गैंग के चोर काफी घूम रहे हैं. इसलिए आपको सतर्क करना जरूरी हो गया है.

जैसे ही आप अपने वाहन का सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हैं तो आपका वाहन खरीदने के लिए आपसे संपर्क किया जाता है. फोन पर बातचीत में आपको प्रभावित करने के लिए उनके पास सभी विद्याएं होती हैं. जब लेनदेन या बातचीत पक्की हो जाती है तो खरीदार आपको गाड़ी के साथ किसी निश्चित स्थान पर बुलाते हैं. वहां आपकी गाड़ी का टेस्ट लिया जाता है. यह टेस्ट ड्राइव होता है. यानी गाड़ी चला कर ही गाड़ी की क्षमता का आकलन किया जाता है. आप मना भी नहीं कर सकते.

फिर जैसे ही आप अपना वाहन ड्राइव के लिए देते हैं, बस उनका काम हो जाता है. आप इंतजार कर रहे होते हैं कि खरीददार गाड़ी लेकर आएगा.लेकिन वह तो आपकी गाड़ी लेकर उड़ चुका होता है. वह कभी नहीं लौट कर आता है और तब आपको पता चलता है कि आपके साथ विश्वास घात किया गया है. अब इस गैंग का एक सदस्य सिलीगुड़ी पुलिस के हत्थे चढ चुका है.

पिछले दिनों सिलीगुड़ी में घटी घटना के बारे में जानकर आप जरूर सतर्क हो जाएंगे. यह घटना सिलीगुड़ी की मेडिकल चौकी के अंतर्गत घटी है. बागडोगरा थाना के बसुजोत निवासी अखिलेश दास ने मेडिकल चौकी में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. इसमें उन्होंने बताया था कि उसने अपनी एक बाइक बेचने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट दिया था. पोस्ट डालते ही चोर ने उनसे संपर्क किया और मिलने के लिए मेडिकल मोड़ कावाखाली बुलाया.

इसके बाद चोर बाइक का टेस्ट लेने के बहाने बाइक पर चढ़कर फरार हो गया. उक्त व्यक्ति ने मेडिकल चौकी में मामला दर्ज किया तो पुलिस ने भी इसकी जांच शुरू कर दी. इसी जांच के क्रम में पता चला कि इस तरह की और भी घटनाएं जलपाईगुड़ी ,अलीपुरद्वार, कूचबिहार आदि जिलों में भी हो चुकी है. उन जिलों के थानों में भी इसी तरह की शिकायतें दर्ज कराई गई थी और वहां की पुलिस बाइक चोर गिरोह की तलाश कर रही थी.

सिलीगुड़ी पुलिस, जलपाईगुड़ी ,अलीपुरद्वार, कूचबिहार सभी थानों की पुलिस ने गैंग तक पहुंचने का फैसला किया और फिर शुरू हुई चोर की तलाश. इसी क्रम में पुलिस को चोर के मयनागुड़ी में रहने का पता चला तो जलपाईगुड़ी जिले की मयनागुड़ी थाना की पुलिस ने देवीनगर के रहने वाले अतनु गुहा को गिरफ्तार कर लिया. पहले तो आरोपी ने बाइक चोरी की बात से इनकार कर दिया. लेकिन जब पुलिस ने प्राप्त साक्ष्य और गवाहों के आधार पर सख्ती दिखाई तो उसने स्वीकार किया कि इस तरीके से उसने बाइक चुराई थी. उसने यह भी स्वीकार किया कि इस तरह की उसने कई वारदातों को अंजाम दिया है.

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बाइक चोर गिरोह उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में फैला हुआ है और इसी पैटर्न से बाइक चोरी करता रहा है. यह काम वह अकेला नहीं करता है बल्कि उसके कई साथी होते हैं जो चोरी की बाइक को ठिकाने लगाने का काम करते हैं. आरोपी अतनु गुहा ने स्वीकार किया है कि कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिले के विभिन्न स्थानों में एक ही पैटर्न से वह बाइक चोरी करता था. इस गिरोह के सदस्य ऐसे हैं कि वे आपसे बातचीत करके आपको अपना शिकार बना सकते हैं. वे ना तो आपको धमकाते हैं और ना ही हथियार दिखाते हैं.

अब पुलिस यह पता लगा रही है कि ट्रायल रन के बहाने बाइक चोरी करके बाइक को कहां ले जाया जाता था. उसके पार्ट्स पुर्जे कैसे अलग किए जाते थे और चोरी की बाइक को कहां बेचा जाता था, कौन लोग खरीददार होते थे… पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गैग में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. कुल कितनी घटनाओं को अंजाम दिया गया है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी चोर को गिरफ्तार कर सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर उसे रिमांड पर लिया है. रिमांड अवधि में पुलिस गैंग तक पहुंचने की कोशिश करेगी. पुलिस ने सोशल मीडिया पर वाहन बिक्री करने वाले लोगों को सलाह दी है कि वह अतिरिक्त सावधानी बरतें. अन्यथा आपका काफी नुकसान हो सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *