May 25, 2026
Sevoke Road, Siliguri
newsupdate ABVP siliguri siliguri college TMC

Siliguri College में भर्ती प्रक्रिया के दौरान हिंसक झड़प, TMCP और ABVP कार्यकर्ता भिड़े; एक छात्र नेता गंभीर रूप से घायल !

https://khabarsamay.com/violent-clashes-erupt-at-siliguri-college-during-the-recruitment-process-with-tmcp-and-abvp-activists-clashing-one-student-leader-seriously-injured/

भर्ती प्रक्रिया को लेकर सिलीगुड़ी कॉलेज परिसर सोमवार सुबह अचानक हिंसा की चपेट में आ गया। कॉलेज में हेल्प डेस्क लगाए जाने को लेकर तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हो गई। इस घटना में TMCP छात्र नेता विवेक झा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी दाखिला प्रक्रिया के दौरान छात्रों की सहायता के लिए TMCP की ओर से हेल्प डेस्क लगाया गया था। आरोप है कि सोमवार सुबह इसी स्थान को लेकर दोनों छात्र संगठनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही हाथापाई और मारपीट में बदल गया। कॉलेज परिसर में अचानक हुई इस झड़प से अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।

TMCP की ओर से आरोप लगाया गया है कि ABVP कार्यकर्ताओं ने उनके हेल्प डेस्क में तोड़फोड़ की और पूर्व नियोजित तरीके से लाठी-डंडों के साथ हमला किया। TMCP नेता इंद्राणी सरकार ने कहा कि विपक्षी दल और उनके सहयोगी राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं और जानबूझकर छात्रों पर हमला किया गया है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं ABVP ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। संगठन का कहना है कि यह पूरी तरह से बेबुनियाद आरोप हैं और घटना के पीछे TMCP के भीतर का गुटीय विवाद जिम्मेदार है। ABVP जिला सचिव अनिकेत दे सरकार ने दावा किया कि उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया और वे किसी भी हिंसा में शामिल नहीं थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। फिलहाल कॉलेज परिसर में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

शिलिगुड़ी थाना पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर ली गई हैं और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। मामले में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *