June 29, 2026
Sevoke Road, Siliguri
illegal construction illegal construction newsupdate siliguri SILIGURI MUNICIPAL CORPORATION WEST BENGAL westbengal

अवैध निर्माण के खिलाफ फिर सख्त हुए सिलीगुड़ी नगर निगम आयुक्त विक्रम राय, बोले- नियम तोड़ा तो होगी कार्रवाई !

https://khabarsamay.com/siliguri-municipal-corporation-commissioner-vikram-rai-once-again-took-a-tough-stand-against-illegal-construction-saying-action-will-be-taken-if-rules-are-broken/

सिलीगुड़ी:शहर में अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए सिलीगुड़ी नगर निगम ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम आयुक्त विक्रम राय ने खुद विभिन्न इलाकों का दौरा कर निर्माणाधीन कई इमारतों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों के स्वीकृत नक्शे, बिल्डिंग प्लान और जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। जहां नियमों के उल्लंघन या अनियमितता की शुरुआती शिकायतें मिलीं, वहां संबंधित लोगों को चेतावनी दी गई और जरूरत पड़ने पर कानून के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त विक्रम राय ने साफ कहा कि शहर के योजनाबद्ध विकास के लिए किसी भी तरह के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम से स्वीकृत नक्शे के अनुसार ही निर्माण करना अनिवार्य है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति निर्माण करता है, अतिरिक्त मंजिल बनाता है या बिल्डिंग नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ नोटिस, जुर्माना और जरूरत पड़ने पर निर्माण तोड़ने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।

नगर निगम सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में भी इस तरह की जांच और अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के विभिन्न वार्डों में अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर तुरंत जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त ने शहरवासियों से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध निर्माण दिखाई देने पर इसकी सूचना नगर निगम को दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही सुरक्षित, व्यवस्थित और नियमों के अनुसार विकसित सिलीगुड़ी का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *