सिलीगुड़ी: ट्रेन के जरिए मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में सिलीगुड़ी जीआरपी की एसओजी टीम और एनजेपी जीआरपी की सादे कपड़ों में पुलिस की संयुक्त टीम ने दो यात्रियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई डाउन तिस्ता-तोर्सा एक्सप्रेस के एसी ए1 कोच में की गई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 24 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत कई लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोमनाथ साहा (35), निवासी नवद्वीप, और रूपाली राय (31), निवासी सिलीगुड़ी के भक्तिनगर थाना क्षेत्र के साउडांगी हाट इलाके के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों धूपगुड़ी से ट्रेन में सवार हुए थे और नवद्वीप जाने वाले थे।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ट्रेन के एसी ए1 कोच में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दोनों को हिरासत में लेकर उनके पास मौजूद दो बैग और एक लगेज बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि गांजा तस्करी के उद्देश्य से दोनों ट्रेन में सफर कर रहे थे। हालांकि, गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच जारी है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। NJP जीआरपी सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर पुलिस रিমান्ड की मांग की जाएगी।

