September 29, 2026
Sevoke Road, Siliguri
sevoke newsupdate siliguri metropolitan police

सेवक रोड यामाहा शोरूम में ग्राहक से मारपीट का आरोप, 10–15 कर्मचारियों पर हाथापाई का आरोप !

https://khabarsamay.com/customer-allegedly-assaulted-at-sewak-road-yamaha-showroom-10-15-employees-accused-of-assault/

शहर के सेवक रोड स्थित नेशनल मोटर्स यामाहा शोरूम से ग्राहक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना आज कुछ घंटे पहले की बताई जा रही है। मामले को लेकर ग्राहक पक्ष की ओर से भक्तिनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दो से तीन युवक बाइक की जानकारी और खरीदारी को लेकर शोरूम पहुंचे थे। इसी दौरान PTI Charges को लेकर ग्राहक और शोरूम कर्मचारियों के बीच बातचीत के दौरान विवाद शुरू हो गया। ग्राहक का कहना है कि वह इन चार्जेज को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज करा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बातचीत का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करने की कोशिश की।
ग्राहक का आरोप है कि वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश के बाद शोरूम के करीब 10 से 15 कर्मचारियों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी और मारपीट की। इस घटना में एक युवक के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद घायल युवक ने अपने परिवार वालों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए।
इस मामले में ग्राहक पक्ष का यह भी दावा है कि घटना के दौरान ग्राहक के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट का वीडियो उनके मोबाइल फोन में मौजूद है। ग्राहक का कहना है कि यह वीडियो मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत किया जाएगा। हालांकि, वीडियो की वास्तविकता और उसमें दिखाई दे रही घटना की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
ग्राहक पक्ष का आरोप है कि केवल PTI Charges को लेकर आपत्ति जताने के कारण उनके साथ इस तरह की मारपीट की गई। उनका कहना है कि मामले में शामिल लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
घटना की सूचना भक्तिनगर थाने की पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्राहक का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के बाद शोरूम में मौजूद कई कर्मचारी वहां से चले गए।
वहीं, घटना को लेकर शोरूम के लोगों से उनका पक्ष जानने और बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन इस समय शोरूम प्रबंधन या किसी भी कर्मचारी की तरफ से इस मामले को लेकर कोई जवाब सामने नहीं आया है। ऐसे में घटना को लेकर शोरूम प्रबंधन का पक्ष अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
ग्राहक पक्ष का कहना है कि इस मामले को लेकर भक्तिनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी और पुलिस से दोषी लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही, यामाहा कंपनी के स्तर पर भी मामले की जांच कर संबंधित शोरूम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।
इस पूरी घटना के बीच एक बड़ा सवाल भी सामने आता है—किसी भी कारोबारी के लिए ग्राहक को भगवान स्वरूप माना जाता है, क्योंकि ग्राहक के भरोसे से ही कोई कारोबार चलता है। ऐसे में अगर किसी ग्राहक के साथ ही कथित तौर पर अभद्र व्यवहार, मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना सामने आए, तो फिर ग्राहक और कारोबारी के बीच भरोसे का रिश्ता कैसे कायम रहेगा?
फिलहाल, मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है। ग्राहक की शिकायत, कथित वीडियो और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर शोरूम के अंदर क्या हुआ था और इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *