August 31, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

क्या दुर्गा पूजा के दौरान ‘मांसाहार’ के सेवन पर रोक लगेगी? जानिए सच क्या है?

सोशल मीडिया पर विश्व हिंदू परिषद के एक कथित बयान पर काफी हंगामा मच गया है. विश्व हिंदू परिषद के तथाकथित बयान जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान सात्विक पूजा पद्धति तथा पूजा स्थलों की स्वच्छता को बनाए रखने के लिए मांसाहारी भोजन पर रोक लगाया जाना चाहिए, के बाद हंगामा बढते बढ़ते राजनीतिक गलियारों में भी पहुंच गया है.

बता दे कि विश्व हिंदू परिषद के वायरल बयान के बाद कांग्रेस नेता अधीरंजन चौधरी ने अपने बयान में कहा कि दुर्गा पूजा बंगाल की पहचान, संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है. उन्होंने प्रतिक्रिया में कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ बंगाल में मांसाहारी भोजन का भी चलन है. टीएमसी के नेता कुणाल घोष ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा था कि दुर्गा पूजा एक संवेदनशील विषय है. इसलिए इसको लेकर बयान देते समय सभी को सावधानी बरतनी चाहिए.

सूत्र बता रहे हैं कि बंगाल में हो रही टीका टिप्पणी और किरकिरी के बाद भारतीय जनता पार्टी पर दबाव बढ़ने लगा. विश्व हिंदू परिषद के नेताओं पर भी दबाव बढा. हालांकि केंद्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद एक स्वतंत्र संगठन है और वह अपने बयान को लेकर खुद स्पष्टीकरण दे सकता है. विपक्षी पार्टियों के नेताओं के बयान ने इस मुद्दे को इस कदर तूल दे दिया कि एक बार फिर से विश्व हिंदू परिषद को अपने पूर्व बयान की सफाई में उतरना पड़ा.

विश्व हिंदू परिषद के पूर्वी क्षेत्र के सचिव अमिया सरकार ने सफाई दी है कि सोशल मीडिया व दूसरे प्लेटफार्म पर आ रही खबरों, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहार पर रोक लगेगी, इसमें कोई सच्चाई नहीं है. अमिया सरकार ने कहा है कि दुर्गा पूजा आयोजकों के साथ विश्व हिंदू परिषद की बैठक में जो बयान सामने आया है, उसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद ने सिर्फ इतना कहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पद्धति सात्विक और पूजा स्थल स्वच्छ होना चाहिए. खानपान को लेकर संगठन की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा कि उनका संगठन थीम आधारित दुर्गा पूजा के खिलाफ नहीं है. विश्व हिंदू परिषद ने कभी भी खान-पान के मामले में कोई फतवा जारी नहीं किया है. इसलिए इसे गलत तरीके से नहीं दिया जाना चाहिए.

विश्व हिंदू परिषद भारत का एक ऐसा संगठन है जो भारतीय संस्कृति, भारतीय अध्यात्म और राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्र भावना के साथ जुड़ा है. यह संगठन किसी भी अन्य धार्मिक संगठन भावना को ठेस नहीं पहुंचाता है. उनका संगठन सिर्फ यही चाहता है कि लोग पूजा पद्धति को पूरी शुद्धता से पालन करें. खान-पान में भी स्वच्छता होनी चाहिए.

विश्व हिंदू परिषद की इस सफाई के बाद उम्मीद की जानी चाहिए कि दुर्गा पूजा के दौरान शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *