सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 265 ग्राम मादक पदार्थ के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार युवक मालदा की ओर से शिवमंदिर होते हुए सिलीगुड़ी में प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम ने निगरानी शुरू की और जांच अभियान चलाया। तलाशी के दौरान युवक के पास से 265 ग्राम मादक पदार्थ बरामद होने का दावा किया गया है।
पुलिस को आशंका है कि बरामद मादक पदार्थ सिलीगुड़ी में किसी व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लाया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी युवक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए माटीगाड़ा थाने के हवाले कर दिया गया।
इसके बाद माटीगाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार युवक को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था, सिलीगुड़ी में इसे किसे पहुंचाया जाना था और इस पूरे कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इन सभी पहलुओं को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस की ओर से संकेत दिया गया है कि सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा।

