पश्चिम बंगाल के सबसे बड़े त्योहार दुर्गा पूजा को लेकर सिलीगुड़ी शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। पूजा पंडालों के निर्माण से लेकर पूजा की अनुमति, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और विसर्जन को लेकर बुधवार को सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सेवक रोड स्थित एक होटल में विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न दुर्गा पूजा कमेटियों के प्रतिनिधियों के साथ सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट, ट्रैफिक विभाग, सिलीगुड़ी एसडीओ, फायर विभाग, बिजली विभाग, सिलीगुड़ी नगर निगम सहित बीएसएफ और एसएसबी के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में पूजा कमेटियों को पूजा आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति और दस्तावेजों की जानकारी दी गई। साथ ही पंडाल निर्माण, अग्निशमन व्यवस्था, बिजली कनेक्शन, सुरक्षा व्यवस्था और पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पूजा कमेटियों की समस्याओं और सुझावों को भी अधिकारियों ने सुना।
बैठक को संबोधित करते हुए सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर आईपीएस सैयद वकार रजा ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दुर्गा पूजा के दौरान शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह तैयार रहेगी। उन्होंने बताया कि पूजा की अनुमति की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय में विशेष व्यवस्था की गई है। सिंगल विंडो व्यवस्था के माध्यम से पूजा कमेटियों को आवश्यक अनुमति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
वहीं, पूजा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। किन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, कहां डायवर्जन किया जाएगा और किन मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, इसकी जानकारी पूजा कमेटियों को दी गई।
विसर्जन को लेकर भी पुलिस कमिश्नर ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार इस वर्ष प्रतिमा विसर्जन के दौरान क्रेन के जरिए प्रतिमा विसर्जन की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने की अनुमति भी नहीं होगी।
बैठक में सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा विभिन्न थानों के ओसी और आईसी, ट्रैफिक विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पूजा कमेटियों से शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से दुर्गा पूजा आयोजन में प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।
durga puja
durga puja carnival
good news
newsupdate
siliguri
siliguri metropolitan police
WEST BENGAL
westbengal
दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की विशेष बैठक, सिंगल विंडो से मिलेगी पूजा की अनुमति
- by Ryanshi
- September 23, 2026
- 0 Comments
- Less than a minute
- 1102 Views
- 3 weeks ago

Share This Post:
Related Post
siliguri, Action, death, newsupdate, sad news, SILIGURI MUNICIPAL CORPORATION
तीन में से सिर्फ एक भट्ठी चालू! सिलीगुड़ी के
October 12, 2026
