September 24, 2026
Sevoke Road, Siliguri
newsupdate good news WEST BENGAL westbengal

च्यांगड़ाबांधा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 455 किलो पीले रंग का संदिग्ध पदार्थ बरामद !

https://khabarsamay.com/major-police-action-in-chayangrabandha-455-kg-of-yellow-colored-suspicious-substance-recovered/

कूचबिहार: पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती च्यांगड़ाबांधा इलाके में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 455 किलोग्राम पीले रंग का संदिग्ध पदार्थ बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद पदार्थ सल्फर जैसा दिखाई दे रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे जाटेश झा के नेतृत्व में मेखलीगंज थाने की विशेष पुलिस टीम ने च्यांगड़ाबांधा के पानीशाला इलाके में सुधांशु सरकार के घर पर छापेमारी की। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 455 किलो पीले रंग का पदार्थ मिला।

पुलिस का दावा है कि कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को देखते ही सुधांशु सरकार घर से फरार हो गया। पुलिस ने बरामद पदार्थ को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इस पदार्थ का इस्तेमाल जमीन संबंधी कार्यों के अलावा विस्फोटक गतिविधियों में भी किया जा सकता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इसे पत्थरों के नीचे छिपाकर ट्रक के जरिए बांग्लादेश भेजने की योजना थी।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद समय रहते कार्रवाई की गई, जिसके चलते बड़ी मात्रा में संदिग्ध पदार्थ को जब्त कर लिया गया।

सीमावर्ती इलाकों में हाल के दिनों में सामने आ रही संदिग्ध गतिविधियों के बीच इस बरामदगी ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सुधांशु सरकार के साथ इस मामले में और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

मेखलीगंज के एसडीपीओ आशीष पी. सुब्बा ने बताया कि कुल 455 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई है और सुधांशु सरकार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद पदार्थ कहां से लाया गया था, इसे कहां भेजने की योजना थी और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *