सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी के सूर्यसेन पार्क के आधुनिकीकरण और महानंदा नदी के सौंदर्यीकरण की योजना को आगे बढ़ाते हुए पर्यटन एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने सोमवार सुबह पार्क और नदी तट का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ कोलकाता के निको पार्क के अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पार्क में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और इसे अधिक आकर्षक बनाने की दिशा में अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने बताया कि सरकार सूर्यसेन पार्क में मनोरंजन के लिए कई नए राइड्स और आधुनिक सुविधाएं जोड़ने की योजना पर काम कर रही है, ताकि यह पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एक बेहतर पर्यटन स्थल बन सके।
इसके अलावा महानंदा नदी के रिवरफ्रंट को विकसित कर विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाजनक और आकर्षक स्थान बनाने की भी योजना है। मंत्री शंकर घोष ने कहा कि नदी के सौंदर्यीकरण का कार्य एनजेपीडी (NJD) के नियमों और पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए किया जाएगा तथा जितना संभव होगा, उतना विकास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिलीगुड़ी में पर्यटन को बढ़ावा देना और शहर के लोगों को बेहतर मनोरंजन एवं सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में सूर्यसेन पार्क और महानंदा रिवरफ्रंट के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

