राज्य की सुवेंदु अधिकारी सरकार उत्तर बंगाल के लिए एक पर एक कई ऐलान कर रही है. राज्य में महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के बाद सिलीगुड़ी के बस यात्रियों के लिए भी सरकार ने काफी राहत दी है. अगर सिलीगुड़ी अथवा दूर दराज के यात्री हैं, तो बस टर्मिनस में यात्रियों के रात गुजारने के लिए विशेष डॉरमेट्री सेवा शुरू की जा रही है.
जो लोग सिलीगुड़ी से कोलकाता, आसाम, बंगाल के अलग-अलग शहरों में बस से यात्रा करना चाहते हैं, उनके लिए टेंशन की कोई बात नहीं है. पहले सिलीगुड़ी के आसपास जैसे Dooars, मॉल बाजार, पहाड़ और बस्ती या ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को सुबह की बस पकड़ने के लिए रात में होटल में रुकना पड़ता था, जहां किराया काफी महंगा होता है. या फिर जो होटल का खर्च उठाने में सक्षम नहीं होते हैं,वे रात में बस टर्मिनस पर आकर इधर-उधर घूमते या लेट कर रात गुजारते हैं. अब उनके लिए सरकार ने बड़ी राहत दी है.
सिलीगुड़ी बस टर्मिनस में डॉरमेट्री सेवा शुरू की जा रही है. हालांकि यह कोई नई सेवा नहीं है. सिलीगुड़ी में पिछले 10-15 साल पहले इस तरह की सेवा शुरू की गई थी. लेकिन बाद में उसे बंद कर दिया गया. अब बीजेपी सरकार ने इसे फिर से शुरू करने का फैसला किया है. उत्तर बंगाल परिवहन निगम सीनियर अधिकारियों का मानना है कि काफी समय से बस यात्रियों की मांग थी. लिहाजा निगम की ओर से डॉरमेट्री सेवा पुनःबहाल की जा रही है और इसी हफ्ते यह सेवा शुरू की जा सकती है.
उत्तर बंगाल परिवहन निगम के अंतर्गत सिलीगुड़ी जंक्शन स्थित सिलीगुड़ी बस टर्मिनस के अंदर डॉरमेट्री सेवा के लिए बस यात्रियों से बहुत कम पैसे लिए जाएंगे. मिल रही जानकारी के अनुसार 12 घंटे ठहरने के लिए ढाई सौ से ₹300 चार्ज वसूले जाएंगे. विश्वसनीयता तथा भरोसा बढ़ाने के लिए सरकार वे सभी सुविधाएं बेहतर और आधुनिक करने जा रही है, जो वक्त की मांग है और बस यात्री काफी समय से मांग भी करते आ रहे हैं.
मिल रही जानकारी के अनुसार सिलीगुड़ी बस टर्मिनस का ढांचागत सुधार ,आधुनिकीकरण के साथ ही सिस्टम में भी सुधार और आधुनिकता का पुट आप जल्द ही देख सकेंगे. सरकार सिलीगुड़ी से कूचबिहार, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग ,कोलकाता तथा दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों के लिए नियमित रूप से बस परिचालन हेतु आधुनिक बस सेवाएं उपलब्ध कराने जा रही है. इनमें से कम से कम 150 इलेक्ट्रिक बसें जल्दी सिलीगुड़ी की सड़कों पर दौड़ती दिख जाएंगी.
अगर आप सिलीगुड़ी जंक्शन स्थित डॉरमेट्री सेवा चाहते हैं तो इसके लिए आपको कुछ भी करने की जरूरत नहीं है. आप सिलीगुड़ी जंक्शन बस टर्मिनस के किसी भी काउंटर से या तो सीधे बुक कर सकते हैं या फिर ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है. बुकिंग के बाद अधिकारियों के द्वारा यात्रियों को कमरा उपलब्ध करा दिया जाएगा. इस हफ्ते से यह सेवा शुरू की जा सकती है.
इस सुविधा का सबसे अधिक लाभ उन यात्रियों तथा पर्यटकों को मिलेगा, जिन्हें सुबह तडके विभिन्न गंतव्य स्थलों के लिए बस से जाना होता है. रात में बस टर्मिनल पर ठहरने की सुविधा मिल जाने के बाद यात्रियों को रात काटने के लिए इधर-उधर जाने की जरूरत नहीं होगी और ना ही दूर दराज के यात्रियों तथा पर्यटकों को होटल ढूंढने या बुकिंग करने की आवश्यकता होगी. उनके पैसे भी बचेंगे. बहरहाल देखना होगा कि अधिकारियों के द्वारा इसकी कब अधिकृत तौर पर घोषणा की जाती है!

